Betul Samachar: 40 डिग्री तापमान से बिगड़ी नौनिहालों की सेहत

भीषण गर्मी के बावजूद बैतूल में नहीं बदला स्कूलों का समय
Betul Samachar: बैतूल। सतपुड़ा की वादियों में बसे बैतूल जिले में इन दिनों गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को हो रही है, जिन्हें इस भीषण गर्मी में रोजाना स्कूल आना-जाना पड़ रहा है। 1 अप्रैल से नया शिक्षा सत्र शुरू होने के साथ ही जिले के सभी स्कूलों में पढ़ाई नियमित रूप से चल रही है, लेकिन बढ़ते तापमान ने बच्चों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच बच्चे स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं। कई बच्चे ऐसे हैं जिन्हें 1 किलोमीटर या उससे अधिक दूरी पैदल तय करनी पड़ती है। सुबह 8-9 बजे से ही सूरज की तपिश चुभने लगती है, और दोपहर तक यह गर्मी और भी असहनीय हो जाती है। इस वजह उनकी सेहत पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
सरकारी स्कूलों का समय सुबह 10.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक निर्धारित है, जिसके कारण बच्चों को सबसे ज्यादा गर्म समय में स्कूल में रहना पड़ता है। छुट्टी के बाद जब बच्चे घर लौटते हैं, तब भी तेज धूप और गर्म हवा उनका पीछा नहीं छोड़ती।
अभिभावकों का कहना है कि छोटे बच्चों के लिए यह स्थिति स्वास्थ्य के लिहाज से ठीक नहीं है और गर्मी से बीमार होने का खतरा बढ़ गया है। इधर निजी स्कूलों के विद्यार्थी भी इसी समस्या से जूझ रहे हैं। दोपहर के समय छुट्टी होने के कारण बच्चों को चिलचिलाती धूप में घर लौटना पड़ता है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। कई बच्चे रास्ते में थकान और कमजोरी महसूस करने लगते हैं।

कई स्कूलों में बिजली न पंखे
सबसे चिंताजनक बात यह है कि जिले के कई सरकारी स्कूलों में अभी भी बिजली, पंखे और कूलर जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे स्कूलों में बच्चे बिना किसी राहत के घंटों तक गर्मी में बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। इससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।
लगातार बढ़ती गर्मी और बिगड़ते हालात के बावजूद जिला प्रशासन द्वारा स्कूलों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसको लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी और चिंता दोनों देखी जा रही है। लोग मांग कर रहे हैं कि बच्चों की सेहत को देखते हुए स्कूल समय में जल्द बदलाव किया जाए।
इनका कहना…
स्कूलों के समय में बदलाव को लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों से फीडबैक मांगा गया है। शीघ्र ही इस संबंध में निर्देश जारी किए जाएंगे।
सौरभ संजय सोनवणे, कलेक्टर बैतूल
बच्चों की चिंता कर रहे हंै स्कूलों के समय में जल्द ही बदलाव किया जाएगा। इस संबंध में जिला कलेक्टर से भी चर्चा की जाएंगी।
भूपेन्द्र बरकड़े, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी, बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




