Betul News: मंडी सचिव को बोले कलेक्टर- व्यवस्था नहीं सुधरी तो करेंगे सस्पेंड
Betul News: Collector told Mandi Secretary - Will suspend him if the system does not improve

मंडी में निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं पर नाराज हुए कलेक्टर, किसानों को समय पर भुगतान करने की सख्त हिदायत
Betul News: बैतूल। शनिवार को कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने कृषि उपज मंडी बडोरा का औचक निरीक्षण किया। मंडी की अव्यवस्था देख कलेक्टर भड़ग गए। कलेक्टर ने मंडी सचिव को दो टूक शब्दों में कहा कि अगली बार निरीक्षण करने आऊंगा, अव्यवस्था मिली तो सीधे सस्पेंड कर दूंगा। कलेक्टर ने मंडी में अलग-अलग शेड में जाकर व्यवस्था को देखा। किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुना। कुछ किसानों ने समय पर भुगतान नहीं होने की शिकायत की। कलेक्टर ने समय पर भुगतान करने के निर्देश दिए। शनिवार दोपहर को कलेक्टर कृषि मंडी का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। कलेक्टर को अचानक मंडी में देख वहां कार्यरत अधिकारी और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को मंडी में कई जगह अव्यवस्था मिली इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और मंडी सचिव को तत्काल व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि मंडी में उपज लेकर आने वाले किसानों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होना चाहिए। किसानों की परेशानी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंडी में मिला गंदगी का अंबार
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को मंडी में जगह-जगह कचरे के ढेर मिले। साफ-सफाई व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी। गंदगी के कारण मंडी में बदबू चल रही है। कलेक्टर ने मंडी सचिव से साफ-सफाई व्यवस्था के बारे में पूछा, जवाब देते मंडी सचिव ने कहा कि समय-समय पर सफाई कराई जाती है। मंडी सचिव का जवाब सुनकर कलेक्टर नाराज हो गए और उन्होंने सचिव से कहा कि मुझे बेवकूफ बनाने की जरूरत नहीं है। मंडी में समय-समय पर साफ सफाई होती तो इतना गंदगी का अंबार लगा नहीं होता। जहां भी गंदगी के ढेर लगे हैं, वहां तत्काल साफ-सफाई कर व्यवस्था बनाने के लिए कहा है। कलेक्टर सूर्यवंशी ने कहा कि अगली बार मैं जब भी निरीक्षण करने आऊंगा, मंडी में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर दिखनी चाहिए।
किसानों को समय पर भुगतान के दिए निर्देश
मंडी निरीक्षण के दौरान कुछ किसानों ने उपज का समय पर भुगतान नहीं होने की शिकायत की है। शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर ने मंडी सचिव और व्यापारियों को जमकर फटकार लगाई। किसान आठनेर निवासी काशीनाथ मरकाम ने बताया कि उन्होंने सोयाबीन की उपज बेची और उन्हें तीन दिन के बाद भुगतान करने के लिए कहा। किसान ने इसकी शिकायत कलेक्टर से कर दी। कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए व्यापारी को किसान को तत्काल भुगतान करने के निर्देश दिए। मंडी सचिव से भी कहा कि नियमों के मुताबिक किसानों को उपज बेचने के दिन ही भुगतान किया जाए। किसानों को किसी भी प्रकार से परेशानी नहीं होना चाहिए।
बाउंड्रीवाल में हो रहा था लाल ईट का उपयोग
मंडी के आसपास बाउंड्रीवाल का निर्माण किया जा रहा है। कलेक्टर ने निर्माण कार्य का जायजा लिया। बाउंड्रीवाल में आधी लाल ईंट और आधी सीमेंट की ईंट का उपयोग किया जा रहा था। कलेक्टर ने कहा कि यह तो बाउंड्रीवाल निर्माण में पूरी धांधली हो रही है। ठेकेदार को एक जैसी ईंट का इस्तेमाल करने को कहा है, अन्यथा कार्रवाई करने की बात कही। इस दौरान ठेकेदार मौके पर नहीं था, लेकिन मंडी सचिव को दो टूक शब्दों में इस तरह के भ्रष्टाचार पर लगाम कसने के निर्देश दे दिए। कलेक्टर के निर्देश पर मंडी सचिव केवल जी सर, जी सर करते दिखाई दी। हालांकि बाद में कलेक्टर ने बाउंड्रीवाल का गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
पाइप लाइन बिछाने का काम हो शीघ्र पूरा
मंडी में पानी की पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। कलेक्टर ने मौके पर जाकर पाइप लाइन की व्यवस्था को देखा। निर्माण कार्य को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। पाइप लाइन का निर्माण कार्य तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए हैं। मंडी सचिव से कहा कि पाइप लाइन का निर्माण कार्य गुणवत्ता पूर्वक होना चाहिए। अन्यथा आने वाले दिनों में और परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। पाइप लाइन में अच्छे पाइप का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं।
स्थाई कचरा घर बनाने के दिए निर्देश
कलेक्टर ने सब्जी मंडी का भी निरीक्षण किया। यहां जगह-जगह खराब सब्जी का कचरा पड़ा था। कलेक्टर ने मंडी सचिव से कहा कि सब्जी के कचरे के लिए प्रत्येक शेड के पास स्थाई कचरा घर का निर्माण किया जाए और व्यापारियों को निर्देश दिए कि सब्जी का वेस्टेज इस कचरा घर में ही डाला जाए, अन्यथा उन पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। मंडी परिसर में स्थाई कचरा घर होने से परिसर में गंदगी नहीं फैलेगी और साफ सफाई व्यवस्था बेहतर होगी। कलेक्टर ने एसडीएम से कहा कि समय-समय पर आकर निरीक्षण करें और व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए।





