Betul News: कन्या हाई स्कूल में घुसकर युवकों ने छात्राओं से की मारपीट, तीन आरोपी गिरफ्तार

Betul News: बैतूल। बैतूल बाजार स्थित शासकीय कन्या हाई स्कूल में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ युवकों ने स्कूल परिसर में घुसकर नाबालिग छात्राओं के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद शिक्षकों की सतर्कता से तीन युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर को कक्षा 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षा आयोजित थी। शाम करीब साढ़े चार बजे परीक्षा समाप्त होने के बाद स्कूल परिसर में दो नाबालिग छात्राओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर एक छात्रा ने अपने परिचित युवक को फोन कर बुला लिया। युवक मौके पर पहुंचा और दूसरी छात्रा के साथ मारपीट शुरू कर दी।
कुछ ही देर में उसके अन्य साथी भी स्कूल परिसर में घुस आए और पीड़ित छात्रा के साथ उसकी दो सहेलियों को भी निशाना बनाते हुए जमकर मारपीट की। स्कूल परिसर में अचानक हुई इस घटना से छात्राओं में दहशत फैल गई। शोर-शराबा सुनकर प्राचार्य और शिक्षक मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी युवक भागने लगे, लेकिन शिक्षकों की मदद से तीन युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। साथ ही दोनों पक्षों की छात्राओं को भी थाने बुलाकर उनके परिजनों को सूचना दी गई।पीड़ित छात्रा ने बताया कि दूसरी छात्रा पहले से उससे विवाद करती थी और धमकियां दे रही थी। अंतिम पेपर के दिन उसने पहले से युवकों को बुला रखा था। जैसे ही वह परीक्षा देकर बाहर निकली, युवकों ने उसे घेरकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे वह घबरा गई और उसे चक्कर आ गया।
स्कूल प्राचार्य कैलाश राठौर ने बताया कि घटना गेट के पास हुई, जहां शिक्षकों ने तुरंत हस्तक्षेप कर छात्रा को सुरक्षित स्थान पर ले जाया और आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सौंपा।बैतूल बाजार थाना प्रभारी अंजना धुर्वे ने बताया कि पीड़ित छात्राओं की शिकायत पर तीनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी युवक पाढर क्षेत्र के आसपास के रहने वाले हैं। मामले की जांच जारी है।




