Betul Ki Khabar: केबल कटने से ठप हुआ रेल सिस्टम, 16 ट्रेन प्रभावित

रेलवे के अधिकारियों के बयानों में विरोधाभास, सटीक जानकारी देने से बचने का प्रयास

Betul Ki Khabar: बैतूल। बैतूल रेलवे स्टेशन के पास दो दिन पूर्व अंडरब्रिज निर्माण कार्य के दौरान केबल कटने से रेल यातायात प्रभावित हो गया। इस घटना ने न सिर्फ ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगाया, बल्कि रेलवे अधिकारियों के बयानों में सामने आए विरोधाभास ने पूरे मामले को संदेह के घेरे में ला खड़ा किया है। जहां आधिकारिक तौर पर 2-3 ट्रेनों के लेट होने की बात कही जा रही है। सूत्रों के अनुसार करीब 16 ट्रेनें इस तकनीकी गड़बड़ी से प्रभावित हुई हैं।

 सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अंडरब्रिज के समीप चल रहे निर्माण कार्य के दौरान अचानक सिग्नलिंग से जुड़ी केबल कट गई, जिससे पूरा सिस्टम फेल हो गया। सुरक्षा कारणों से कई ट्रेनों को बीच रास्ते में ही रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा। रेलवे के नियमों के अनुसार सिग्नलिंग सिस्टम में गड़बड़ी होने पर ट्रेनों को नियंत्रित गति या रोककर ही संचालित किया जाता है, यही कारण रहा कि यातायात बाधित हुआ। घटना के बाद रेलवे अधिकारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई और तत्काल सुधार कार्य शुरू किया गया।

हालांकि इस दौरान कितनी ट्रेनें प्रभावित हुईं, इसे लेकर अधिकारी एकमत नजर नहीं आए। इंजीनियर विनय श्रीवास्तव ने जहां केबल कटने और ट्रेनों के लेट होने से साफ इनकार किया, वहीं एडीईएन ने केबल फाल्ट की बात स्वीकार करते हुए एक-दो ट्रेन प्रभावित होने की जानकारी दी। दूसरी ओर स्टेशन मैनेजर वीके वाकड़े ने जीटी एक्सप्रेस, जयपुर और दक्षिण की ओर जाने वाली ट्रेनों के लेट होने की पुष्टि की। सूत्रों का दावा है कि वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक है और करीब 16 ट्रेनों का टाइम टेबल प्रभावित हुआ।

इस पूरे घटनाक्रम ने रेलवे की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह भी चर्चा में है कि निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार को बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जबकि इस तरह की लापरवाही पर रेलवे द्वारा भारी जुर्माना लगाया जाता है। अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतने गंभीर मामले में सटीक जानकारी छुपाने की कोशिश क्यों की गई? क्या इस घटना की पूरी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों, विशेषकर डीआरएम कार्यालय को भेजी गई है या नहीं? यदि हां, तो वास्तविक स्थिति क्या है? फिलहाल, यह मामला जांच और जवाबदेही की मांग कर रहा है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button