Betul Samachar: सड़कों को मिल रहा नया आकार: कर्व स्टोन से तय होगी सीमा

छोटे कारोबारियों को मिलेगी मदद, यातायात व्यवस्था भी नहीं होगी बाधित
Betul Samachar: बैतूल। शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और छोटे कारोबारियों को सुव्यवस्थित करने की दिशा में एक अहम पहल शुरू हो गई है। बैतूल विधायक हेमन्त खण्डेलवाल की पहल पर नगर पालिका द्वारा सड़कों की चौड़ाई को व्यवस्थित करने और अतिक्रमण पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान शुरू हो चुका है। इस योजना के तहत सड़कों के किनारे निश्चित दूरी पर सफेद कर्व स्टोन लगाए जा रहे हैं, जिससे सड़क की सीमाएं स्पष्ट रूप से तय हो सकें।
इस अभियान की शुरुआत कोतवाली थाना चौक से की गई है, जहां सड़क के दोनों ओर निर्धारित सीमा चिन्हित कर कर्व स्टोन लगाए जा रहे हैं। विधायक हेमन्त खंडेलवाल की यह पहल उन छोटे कारोबारियों की मदद के रूप में मील का पत्थर साबित होगी जो रोजगार चलाने के लिए आए दिन जद्दोजहद से जूझते हैं तो वहीं दूसरी तरफ आम नागरिकों को भी ट्राफिक जाम से मुक्ति मिल सकेगी।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पांडेय ने बताया कि इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि छोटे दुकानदारों को व्यवसाय के लिए पर्याप्त स्थान मिले, वहीं सड़क पर यातायात भी बाधित न हो। अक्सर देखा जाता है कि बिना तय सीमा के दुकानें सड़क तक फैल जाती हैं, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बनती है और आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ती है।
योजना के अनुसार, सड़क के दोनो तरफ 6-6 फीट की दूरी पर सफेद रंग के कर्व स्टोन लगाए जा रहे हैं, जो जमीन से लगभग 2 से 3 इंच ऊपर ही दिखाई देंगे। ये स्टोन इस बात की स्पष्ट सीमा तय करेंगे कि दुकानदार किस क्षेत्र तक अपना व्यवसाय कर सकते हैं। इन्हें कर्व स्टोन के बाहर ही दुकानें लगाने की अनुमति होगी, जबकि स्टोन और सड़क के बीच की जगह पूरी तरह खाली रखी जाएगी ताकि यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।
निगरानी तंत्र रखेगा व्यवस्थाओं पर पैनी नजर
नगर पालिका ने इस व्यवस्था के पालन के लिए निगरानी तंत्र भी तैयार किया है। सीएमओ के मुताबिक दो कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी, जो विशेष रूप से गुरुवार और रविवार को निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी दुकानदार निर्धारित सीमा के भीतर अतिक्रमण न करे। यदि कोई सीमा का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कोठीबाजार के बाद अब इस व्यवस्था को शहर के अन्य प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रोंगंज और सदर में भी लागू किया जाएगा।
ये इलाके शहर के सबसे व्यस्त बाजारों में गिने जाते हैं, जहां अक्सर सड़क किनारे लगने वाली दुकानों के कारण यातायात प्रभावित होता है। सीएमओ के अनुसार, इन क्षेत्रों में भी समान रूप से कर्व स्टोन लगाकर बाजार को सुव्यवस्थित किया जाएगा। इस पहल से जहां एक ओर लंबे समय से चली आ रही अतिक्रमण की समस्या का समाधान होने की उम्मीद है, वहीं छोटे व्यापारियों को भी एक तय और सुरक्षित स्थान मिलेगा। नगर पालिका का मानना है कि इस नई व्यवस्था से शहर में यातायात सुगम होगा और बाजारों में भी अनुशासन कायम रहेगा।
इनका कहना….
सड़को के सीमा सुनिश्चित कर स्टोन कर्व लगाए जाने का अभियान शुरू किया गया है। इससे काफी हद तक छोटे कारोबारियों को कारोबार में मदद मिलेगी और ट्रैफिक जाम से आम नागरिकों को मुक्ति मिल जाएगी।
– नवनीत पांडेय, सीएमओ नपा बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




