Betul News: बैतूल में आज भी बरकरार है ‘मामा’ का जादू 

देरी से पहुंचे, फिर भी हेलीपैड पर लोगों से मिलकर जीता दिल

Betul News: बैतूल (सांझवीर टाईम्स)। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराजसिंह चौहान का जनसंपर्क और लोकप्रियता आज भी लोगों के दिलों में कायम है। रविवार को बैतूल में इसका जीवंत उदाहरण देखने को मिला। वे यहां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमन्त खंडेलवाल की पुत्री सुरभि खंडेलवाल को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। हालांकि उनका दौरा पूरी तरह निजी था और इसमें कोई सरकारी कार्यक्रम शामिल नहीं था, फिर भी उन्हें देखने और मिलने के लिए बड़ी संख्या में लोग पुलिस ग्राउंड स्थित हेलीपैड पर पहुंच गए।

तेज धूप में घंटों इंतजार

पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन का समय दोपहर 3.40 बजे निर्धारित था, लेकिन उनका हेलीकॉप्टर करीब एक घंटे से अधिक देरी से बैतूल पहुंचा। इसके बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। दोपहर करीब 3 बजे से ही पुलिस ग्राउंड में लोग पहुंचने लगे थे। चिलचिलाती धूप के बावजूद महिलाओं, युवाओं और बच्चों की बड़ी संख्या वहां मौजूद रही। कई लोग अपने परिवार के साथ सिर्फ एक झलक पाने के लिए घंटों खड़े रहे।

हेलीकॉप्टर उतरते ही उमड़ी भीड़

करीब 4.45 बजे जैसे ही हेलीकॉप्टर पुलिस ग्राउंड में उतरा, वहां मौजूद लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई। शिवराज सिंह ने भी लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए हेलीकॉप्टर से उतरते ही सीधे बैरिकेडिंग के पास पहुंचकर हाथ जोडक़र सभी का अभिवादन किया। लोग उन्हें स्नेह से ‘मामा’ कहकर पुकार रहे थे। यह संबोधन सुनकर वे भी भावुक हो गए। उन्होंने कुछ महिलाओं और बच्चों को अपने पास बुलाया, उनसे हालचाल पूछा और थोड़ी देर बातचीत भी की। बच्चों के साथ उनका आत्मीय व्यवहार वहां मौजूद लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहा।

श्रद्धांजलि देने पहुंचे खंडेलवाल निवास

इसके बाद वे शहर में स्थित खंडेलवाल निवास पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एयर बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल की पुत्री सुरभि खंडेलवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार को सांत्वना दी। वे करीब 20 मिनट तक वहां रुके और शोक संतप्त परिवार के साथ समय बिताया।

वापसी में भी नहीं भूले लोगों से मिलना

करीब 5.30 बजे जब वे वापस हेलीपैड पहुंचे, तब भी वहां मौजूद लोगों से मिलने का मौका नहीं छोड़ा। उन्होंने एक बार फिर हाथ जोडक़र लोगों का अभिवादन किया और कुछ लोगों से संक्षिप्त बातचीत भी की। इस दौरान आमला- सारणी विधायक डॉ योगेश पण्डाग्रे, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहें।

बैतूल में दिखा लोकप्रियता का असर

इस पूरे घटनाक्रम ने साफ कर दिया कि मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद भी शिवराज सिंह चौहान की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। बैतूल में बड़ी संख्या में लोगों का स्वेच्छा से पहुंचना और घंटों इंतजार करना यह दर्शाता है कि ‘मामा’ के प्रति लोगों का स्नेह आज भी उतना ही मजबूत है।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button