Kisan Nyay Yatra : कांग्रेस की किसान न्याय यात्रा के पोस्टर से गायब हुए पूर्व विधायक डागा
Kisan Nyay Yatra: Former MLA Daga missing from the poster of Congress's Kisan Nyay Yatra

कट्टर समर्थक रहे तरूण कालभोर और मिथलेश के पोस्टर से भी डागा गायब, कांग्रेस में नई राजनीति की शुरुआत
Kisan Nyay Yatra : बैतूल। जैसे कि उम्मीद थी कि किसान न्याय यात्रा के बहाने शुक्रवार को कांग्रेसियों में एकजुटता दिखेगी, लेकिन सारी उम्मीदें काफूर होते दिखाई दे रही है। न्याय यात्रा के पहले ही कांग्रेस के दो पूर्व विधायकों ने पूरी तरह दूरी बना ली। इसके बाद एक पूर्व विधायक निलय डागा के कट्टर समर्थक रहे ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के पूर्व अध्यक्ष तरूण कालाभोर और युवक कांग्रेस बैतूल विस के अध्यक्ष मिथलेश राजपूत ने न्याय यात्रा के लिए फेसबुक पर जो पोस्टर डाले, इसमें डागा की फोटो ही गायब हो गई। सोशल मीडिया पर पूर्व विधायक की फोटो नहीं होने से कई तरह की प्रतिक्रिया सामने आई है। पूर्व विधायक के दो कट्टर समर्थकों द्वारा पाला बदलकर कांग्रेस के दूसरे खेेमे में भी जाने की खूब चर्चा हो रही है।
पूरे प्रदेश में कांग्रेस अपनी नई जमीन तलाशने के लिए भाजपा पर लगातार हमलावर हो रही है। किसानों के मुद्दें पर खुद प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी जबरदस्त मुखर होकर भाजपा को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। उनकी सोशल मीडिया पर सक्रियता और जिले के कांग्रेसियों को लगातार नसीहत का ही परिणाम है कि किसान न्याय यात्रा को हर जिले में अच्छा प्रतिशाद मिला है। बैतूल की बात करें तो न्याय यात्रा कई मायने में ठीक कहीं जा सकती है, लेकिन कांग्रेसियों में एकजुटता नहीं होने से इसका रंग कुछ फीका दिखाई दिया। पूर्व विधायक निलय डागा और धरमू सिंह सिरसाम व्यवस्तता के कारण भले ही किसान न्याय यात्रा में शामिल नहीं हुए, लेकिन उनकी कमी अंत तक खलते रही। दोनों ही पूर्व विधायकों के चुनिंदा समर्थक कार्यक्रम में पहुंचे जरूर, लेकिन इनकी संख्या गिनती की कही जा रही है।
पोस्टर से गायब होने की नई राजनीति
इधर कांग्रेस द्वारा किसान न्याय यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए सोशल मीडिया पर लंबे समय से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की जा रही थी। अधिक से अधिक कांग्रेसियों को इस यात्रा में शामिल होने की अपील भी कांग्रेसी कर रहे थे। इस बीच पूर्व विधायक निलय डागा के कट्टर समर्थक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के पूर्व अध्यक्ष तरूण कालभोर और युवा कांग्रेस नेता मिथलेश राजपूत ने अपने सोशल मीडिया पर न्याय यात्रा के लिए पोस्टर डाले थे।
इस पोस्टर की खासियत यह है कि इसमें नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के अलावा जिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत वागद्रे, पूर्व विधायक सुखदेव पांसे की फोटो लगाई गई है, लेकिन पूर्व विधायक निलय डागा की फोटो पूरे पोस्टर से गायब है। दरअसल ही युवा नेताओं को डागा समर्थक माना जाता है, लेकिन अपने ही नेता की फोटो नहीं लगाने से कांग्रेस की राजनीति में नए समीकरण देखने को मिल रहे हैं।
लंबे समय से मतभेद की चर्चा
कांग्रेस के सूत्र बताते हैं कि दोनों युवा कांग्रेस नेताओं की पार्टी के कुछ नेताओं से मनभेद की चर्चा चल रही है। इसे पूर्व में भी हुए चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। दोनों ही युवा नेता पूर्व विधायक निलय डागा के हर चुनाव और कार्यक्रम में आधार स्तंभ बनकर शिरकत करते आए हैं। अचानक उनके द्वारा यह कदम उठाने से कांग्रेस की राजनैतिक सरगर्मियां बढ़ गई है।
पहले ही हो चुकी थी शुरुआत
जानकार सूत्रों ने बताया कि दोनों युवा नेता पहले से ही पूर्व विधायक से पटरी नहीं बैठ रही है। इसके उदाहरण ब्लाक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तरूण कालभोर द्वारा अपने सोशल मीडिया पर मुलताई जाकर पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे से मुलाकात करने की फोटो डाली जा रही है। पांसे को सर्वमान्य नेता भी बताने से कयास लगाए जा रहे हैें कि उन्होंने पाला बदल लिया है। इसी तरह मिथलेश ने भी न्याय यात्रा के बहाने बनाए पोस्टर में पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे को हाईलाइट किया है। उनकी फेसबुक की पोस्ट को तरूण कालभोर ने भी शेयर किया है। इसके अलावा दोनों ही युवा नेता पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर पांसे को लगातार फालो करते हुए उनकी पोस्ट को शेयर कर रहे हैं। इससे कांग्रेस की राजनीति में एक बार फिर समीकरण बदलते दिखाई दे रहे हैं।