Betul News: शहरी क्षेत्र की जमीन के दाम 1 अप्रैल से आसमान छूएंगे

ग्रामीण क्षेत्रों में भी रेट बढ़ाने की तैयारी, 1 अप्रैल से फिर महंगी होगी जमीन इसलिए रजिस्ट्री की रफ्तार बढ़ी
Betul News: बैतूल। जिले में जमीन की नई कलेक्टर गाइड लाइन 1 अप्रैल से लागू होगी। इसकी तैयारियां शुरू हो गई है। इस बार शहरी सहित ग्रामीण अंचलों तक के जमीन के रेट 10 से 15 फीसदी बढ़ने की संभावना है। रेट तय करने को लेकर जल्द ही जिला स्तर पर बैठक होने वाली है। बैठक में रेट तय होंगे। इसके बाद 1 अप्रैल से नए रेट को लागू कर दिया जाएगा। जानकारी के मुताबिक रजिस्ट्री विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 की नई गाइडलाइन के लिए सर्वे का काम शुरू कर दिया है।
संपदा-2 पोर्टल पर ऑनलाइन सभी लोकेशन का रिकार्ड विभाग एकत्रित कर रहा है। हालांकि अधिकतर रिकार्ड विभाग के पास ही मौजूद है। जमीनों के दामों को लेकर नए लोकेशन की भी तलाश की जा रही है। जहां से शासकीय भवन, नई कालोनियां, व्यवसायिक क्षेत्र हाइवे से लगी जमीन, बायपास रोड और सिंचाई क्षेत्र की लोकेशन को भी देखा जा रहा है। इस बार बैतूल शहर के अलावा ग्रामीण अंचलों से लगी जमीनों की लोकेशन पर खास फोकस किया जा रहा है। इनके दामों में बढ़ोत्तरी होने वाली है। जहां से हाइवे और बायपास निकले हैं, उन लोकेश पर जमीन की खरीददारी और बिक्री बढ़ गई है। कृषि भूमि के दामों में भी इस वर्ष इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है।
कोसमी क्षेत्र में दाम बढ़ने की संभावना
शहर के साथ-साथ इस बार शहर से लगे कोसमी क्षेत्र की जमीन के रेट बढ़ने की सबसे ज्यादा संभावना जताई जा रही है। कोसमी क्षेत्र में मेडिकल कालेज बनना है। जब से मेडिकल कालेज की स्वीकृति मिली और भूमिपूजन हुआ, तब से इस क्षेत्र में जमीन की बिक्री और खरीदारी बढ़ गई है। कई लोगों ने पहले से ही जमीन के तगड़े दाम रखे हैं, लेकिन 1 अप्रैल से इस क्षेत्र की जमीनों के रेट और अधिक बढ़ जाएंगे। मेडिकल कालेज होने के कारण लोग यहां जमीन खरीदकर प्लाट बेचने और कालोनी काटने के लिए सबसे ज्यादा रूचि दिखा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि शहर में पहले से ही जमीनों के रेट आसमान छू रहे हैं। इस बार रेट में और इजाफा होने जा रहा है।
केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड तय करेगा दाम
जानकारी के मुताबिक जल्द ही जिला स्तरीय मूल्यांकन बोर्ड समिति की बैठक होने वाली है। बैठक में अलग-अलग लोकेशन के आधार पर जमीनों के रेट तय किए जाएंगे। बैठक में दाम तय होने के बाद इस प्रस्ताव को केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड को भेजा जाएगा। केंद्रीय बोर्ड द्वारा जमीनों के दामों को लेकर फाइनल मोहर लगाई जाएगी। हालांकि अभी जिला स्तरीय बैठक को लेकर तिथि तय नहीं हो पाई है। अगले माह बैठक होने की संभावना जताई जा रही है।
प्रतिदिन हो रही है आधा सैकड़ा से अधिक रजिस्ट्री
1 अप्रैल से जमीन के दाम में बढ़ोत्तरी होने की जानकारी सामने आने के बाद शहर में जमीनों के बिक्री और खरीदारी में इजाफा हुआ है। कुछ दिनों से प्रतिदिन लगभग पचास रजिस्ट्री हो रही है। इसके पहले 30 से 40 रजिस्ट्री प्रतिदिन होती थी, लेकिन इसमें बढ़ोत्तरी हो गई है। हर कोई चाहता है कि दाम बढ़ने के पहले ही वे जमीन की खरीदी कर ले, ताकि महंगाई से कुछ हद तक राहत मिल सके। जिला पंजीयक कार्यालय में रजिस्ट्री के लिए लोगों की भीड़ देखी जा सकती है।
इनका कहना…
जल्द ही जिला मूल्यांकन समिति की होने वाली है। इसमें जमीनों के रेट लोकेशन के आधार पर तय किए जाएंगे। केंद्रीय बोर्ड को प्रस्ताव भेजने के बाद 1 अप्रैल से नए रेट लागू होंगे।
दिनेश कौसले, जिला पंजीयक, बैतूल




