Betul Two Lane : पोल लगाकर भूली नपा, बस स्टैंड रोड पर लाइन तक नहीं हुई शिफ्ट
भगवान भरोसे हो रहा टू लेन का काम, शहर सरकार में ध्यान देने वाला कोई नहीं

Betul Two Lane – बैतूल। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने के पूर्व नगरपालिका परिषद ने बड़े जोर शोर के साथ पेट्रोल पम्प चौराहे से थाना चौक तक टू लेन का काम शुरू किया था, लेकिन नपा अधिकारियों की अनदेखी और ठेकेदार की मनमानी का ही नतीजा है कि सड़क का काम नौ दिन चले अढ़ाई कोस की तर्ज पर किया जा रहा है। हालात यह है कि आने जाने में लोगों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। नपा की विद्युत शाखा द्वारा केवल 7 बिजली के पोल ही खड़े कर छोड़ दिए गए हैं। इसके चलते सड़क निर्माण का काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। हां कभी कभी रोड रोलर सड़क के आजू बाजू चलता जरूर नजर आ जाता है।
नपा की विद्युत शाखा द्वारा सबसे पहले पोल शफ्टिंग का काम लगभग दो माह पूर्व शुरू किया गया था। दावा किया गया था कि एक सप्ताह के भीतर पोल शिफ्ट कर लाइन भी खींच दी जाएगी, लेकिन विद्युत शाखा द्वारा पेट्रोल पंप से बस स्टेंड तक मात्र 10 पोल ही खड़े किए जा सके हैं।
इन पोलो पर लाइन कब तक शिफ्ट की जा सकेगी इसका जवाब नपा के किसी भी अधिकारी के पास नहीं है। इधर सड़क के सेंटर में नए पोल तो खड़े कर दिए गए हैं, लेकिन सड़क के किनारे लगे हुए पुराने पोलों को भी हटाने की जहमत नहीं उठाई जा रही है। ऐसे में आने जाने का रास्ता संकरा होने के साथ-साथ दुर्घटनाएं होने की संभावना भी निर्मित हो रही है। कभी भी यहां गम्भीर घटना घटित हो सकती है। यदि अभी तक पुराने पोल हटा कर लाइन सेंटर पोलों पर शिफ्ट कर दी जाती तो आजू-बाजू की जगह खाली मिलने पर यहां डामरीकरण भी हो जाता।
हजारों वाहनों का होता है आना-जाना
शहर के इस मुख्य मार्ग की तस्वीर बदलना नपा के लिए दूर की कौड़ी साबित हो रहा है। बिजली पोल लाइन की शिफ्टिंग लगातार टाली जा रही है तो इसके चलते सड़क का निर्माण भी प्रभावित हो रहा है। इसी मार्ग पर मुख्य बस स्टैंड होने से यहां से रोजाना ढाई से तीन सौ बसों का निरंतर आना जाना लगा रहता है। सड़क खोद दिए जाने के चलते दिन भर उड़ती धूल यहां काबिज व्यवसायियों और पैदल चलने वालों के लिए मुसीबत बन रही है। टाइम मिलाने के चक्कर मे इस मार्ग पर बसे भी पूरी रफ्तार से दौड़ रही हैं, लेकिन आने जाने का रास्ता क्लियर ना होने और सड़क के बीच तथा उत्कृष्ट स्कूल की तरफ लगे पुराने बिजली पोलो की वजह से कभी भी यहां गम्भीर सड़क हादसा हो सकता है, लेकिन बावजूद इसके जनहित में सड़क का काम रोका जाना आमजन के हित मे नजर नहीं आ रहा है।
जनप्रतिनिधियों पर जनता उठा रही सवाल
टू लेन सड़क का काम भगवान भरोसे चलाया जा रहा है । नपा की इस लेटलतीफी की वजह से अब जनप्रतिनिधि भी जनता के निशाने पर आ रहे है। आमजन का कहना है कि जिस तरह से सड़क के काम मे लेटलतीफी हो रही है, उससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि जनप्रतिनिधियों को भी जनता की मुसीबतों और तकलीफों से कोई सरोकार नहीं है। पिछले कई महीनों से सड़क का काम चल रहा है, लेकिन अभी तक काम पूरा क्यों नहीं हुआ ये जनप्रतिनिधियों को अधिकारियों से पूछना चाहिए, लेकिन अधिकारियों के साथ साथ जनप्रतिनिधि भी खामोश बैठे हुए हैं और असम नागरिक मुसीबतें झेल रहा है।
इनका कहना…..
पोल शफ्टिंग के बाद बेस पक्का होना आवश्यक है। बेस पक्का होने के बाद तत्काल लाइन शिफ्ट कर सड़क का काम शुरू कर दिया जाएगा।
नगेन्द्र वागद्रे, सब इंजीनियर नपा बैतूल




