Betul Hospital News: जिला अस्पताल में व्यवस्था दुरुस्त, बाहरी परिसर में सुधार की जरूरत
Betul Hospital News: The system in the district hospital is fine, there is a need for improvement in the outer premises

रात 9 बजे पहुंचे कलेक्टर, निरीक्षण में जताया संतोष, पार्किंग व्यवस्था में होगा बदलाव
Betul Hospital News: बैतूल। आमतौर पर सरकारी अस्पतालों की अव्यवस्था को लेकर शिकायतें मिलती रहती हैं, लेकिन बैतूल जिला अस्पताल की तस्वीर इन दिनों कुछ बदली-बदली नजर आ रही है। यहां की व्यवस्थाएं अब अपेक्षाकृत बेहतर और व्यवस्थित दिखने लगी हैं। इसका श्रेय न केवल अस्पताल प्रबंधन को बल्कि जिले के कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी को भी जाता है, जिन्होंने पदभार ग्रहण करने के बाद से ही अस्पताल को प्राथमिकता में रखा।
बीती रात लगभग 9 बजे कलेक्टर सूर्यवंशी ने अचानक जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डों, दवाखाने, आपातकालीन कक्ष सहित पूरे अस्पताल परिसर का गहन निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से उपचार के अलावा अन्य सुविधाओं को लेकर फीडबैक मांगा। इस दौरान सीएमएचओ डॉ मनोज हुरमाड़े, सिविल सर्जन डॉ, जगदीश घोरे, आरएमओ डॉ रानू वर्मा उपस्तिथ थे। कलेक्टर ने व्यवस्थाओं पर संतोष जाहिर करते हुए इन अधिकारियों की सराहना भी की, निरीक्षण के दौरान उन्हें अस्पताल के भीतरी हिस्से में अधिकांश व्यवस्थाएं सुचारु और संतोषजनक मिलीं।

बाहरी हिस्से में सफाई की हिदायत, पार्किंग में होगी तब्दीली
अस्पताल के बाहरी हिस्से को लेकर कलेक्टर ने कुछ असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अभी भी प्रवेश द्वार पास व्यवस्था,पार्किंग और ओपन स्पेस में सुधार की आवश्यकता है। खास तौर पर सफाई की, वार्डों में मरीज के साथ कम से कम लोग हों इसके लिए व्यवस्था बनाये जाने के निर्देश दिये गए हैं। पार्किंग व्यवस्था में कुछ बदलाव किये जाने की गुंजाइश नजर आई है जल्द ही इसमें भी सुधार किया जाएगा, ताकि मरीजों और परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कुल मिलाकर समय समय पर कलेक्टर का निरीक्षण केवल अस्पताल कर्मचारियों के लिए प्रेरणा है, बल्कि मरीजों के लिए भी एक भरोसेमंद संकेत है कि प्रशासन स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सजग और सक्रिय नजर आ रहा है।




