Betul Ki Khabar : सीएम का आना तय होने के बावजूद हेलीपैड के लिए स्थल नहीं ढूंढ पाई पीडब्ल्यूडी

वीसी में कलेक्टर ने ईई को फटकारा तब न्यू बैतूल स्कूल पर शुरू हुआ हेलीपैड निर्माण , लापरवाही की खुली पोल

Betul Ki Khabar : बैतूल। जिला मुख्यालय में 23 दिसंबर को प्रस्तावित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियों के दावों की हकीकत उस समय सामने आ गई, जब मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए स्थल तक तय नहीं किया जा सका। कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी की अध्यक्षता में आयोजित प्रशासनिक बैठक के दौरान पीडब्ल्यूडी विभाग की गंभीर लापरवाही उजागर होने पर कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाते हुए विभागीय अधिकारियों को फटकार लगाई।

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन बीते कई दिनों से तैयारियों का दावा कर रहा था। इसी क्रम में कलेक्टर द्वारा ली गई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में जब पीडब्ल्यूडी विभाग से हेलीकॉप्टर लैंडिंग स्थल को लेकर जानकारी मांगी गई, तो विभाग की कार्यपालन यंत्री प्रीति पटेल कोई स्पष्ट और संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं। बताया जा रहा है कि संबंधित अधिकारी बिना पूरी तैयारी के बैठक में शामिल हुई थीं, जिससे कलेक्टर नाराज हो गए और उन्होंने बैठक में ही विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए।

वीसी बैठक में उजागर हुई विभागीय लापरवाही

सूत्र बताते हैं कि बैठक के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से पूछा कि मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के उतरने के लिए कौन-कौन से स्थानों का निरीक्षण किया गया है और किस स्थल को अंतिम रूप दिया गया है। इस पर पीडब्ल्यूडी ईई प्रीति पटेल कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी की वीसी में कोई ठोस जानकारी नहीं दे पाई। इससे नाराज कलेक्टर ने कहा कि इतने महत्वपूर्ण वीआईपी कार्यक्रम को लेकर इस तरह की ढिलाई अस्वीकार्य है। उन्होंने विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि तत्काल हेलीपैड स्थल का चयन कर आवश्यक तैयारियां शुरू की जाएं। उन्होंने ईई की जमकर क्लास ली और तत्काल नई जगह हेलिपैड बनाने के निर्देश दिए थे।

जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री का मुख्य कार्यक्रम पुलिस ग्राउंड में प्रस्तावित है, लेकिन सुरक्षा मानकों के अनुसार वहां हेलीकॉप्टर की लैंडिंग संभव नहीं मानी गई। बताया जा रहा है पुलिस परेड ग्राउंड में पहले से 1 कार्यक्रम के लिए बड़ा पंडाल लगाया जा चुका है। ऐसे में यहां हेलीकॉप्टर लेंडिंग खतरे से खाली नहीं था। इसके बावजूद कार्यक्रम तय होने के बाद भी पीडब्ल्यूडी द्वारा वैकल्पिक स्थल को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी। मुख्यमंत्री के दौरे में चंद ही दिन शेष होने के बावजूद तैयारियों की यह स्थिति सामने आने पर कलेक्टर का पारा चढ़ गया और उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

पहले भी उठते रहे हैं पीडब्ल्यूडी की कार्यप्रणाली पर सवाल

सूत्रों का यह भी कहना है कि पीडब्ल्यूडी विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों और निर्माण कार्यों में लापरवाही के अलावा समय पर कार्य पूर्ण न होने को लेकर विभाग को चेतावनी दी जा चुकी है। बावजूद इसके मुख्यमंत्री जैसे अति महत्वपूर्ण वीआईपी दौरे में इस तरह की चूक ने प्रशासनिक तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आनन फानन में शुरू हुआ हेलीपैड निर्माण

कलेक्टर की सख्ती के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग हरकत में आया है। शुक्रवार से न्यू बैतूल ग्राउंड में मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए हेलीपैड निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। जेसीबी मशीनों और रोलर की मदद से मैदान को समतल किया जा रहा है। साथ ही सुरक्षा मानकों के अनुसार अनावश्यक पेड़ों और झाड़ियों की छंटाई भी कराई जा रही है, ताकि तय समय सीमा में हेलीपैड तैयार किया जा सके।

बताया जा रहा है कि हेलीपैड स्थल पर बैरिकेडिंग, फायर सेफ्टी, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा बलों की तैनाती को लेकर भी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं। बताया जाता है कि न्यू बैतूल मैदान पर सीएम का उड़नखटोला उतरने के बाद थाना चौक, लल्ली चौक, कलेक्ट्रेट मार्ग, शिवाजी चौक होते हुए पुलिस ग्राउंड पहुंचेगा। इस दौरान यह मार्ग आम यातायात के लिए प्रतिबंधित किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम पुलिस ग्राउंड में ही आयोजित होगा।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button