Betul Samachar : वन विभाग में 2 करोड़ 13 लाख 95 हजार के घोटाले की गूंज

आयुक्त कोष एवं लेखा ने लिया संज्ञान, मामले की लीपापोती की जोरदार चर्चा
Betul Samachar : बैतूल। सरकारी विभागों में लगातार सामने आ रहे घोटालों की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि इसी बीच वन विभाग के एक डिवीजन में लगभग 2 करोड़ 13 लाख 95 हजार रुपए के कथित फर्जी घोटाले ने पूरे महकमे में हड़कंप मचा दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला फर्जी खातों में राशि डालकर आहरण किए जाने से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक आयुक्त कोष एवं लेखा ने इस गंभीर वित्तीय अनियमितता का संज्ञान लेते सीधे कलेक्टर को पत्र लिखकर विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने लगभग 600 भुगतानों को संदिग्ध श्रेणी में रखा है, जिनकी जांच आवश्यक बताई जा रही है। हालांकि इस मामले में जांच शुरू होने से पहले ही इसे दबाने की कोशिशों की चर्चा तेज है। सूत्र बताते हैं कि संबंधित कार्यालय में रिकॉर्डों से छेड़छाड़ की गई है और कथित रूप से सैकड़ों फर्जी वाउचर जलाए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
आरोप है कि जिम्मेदारों को न तो पर्याप्त समय दिया गया और न ही विधिवत जवाब मांगा गया, बल्कि गोपनीय रूप से मामले को रफा-दफा करने की कोशिशें जारी हैं। सूत्रों का यह भी दावा है कि घोटाले को दबाने के लिए पूरी रात विभागीय रिकॉर्ड खंगाले गए और कई दस्तावेज हटाए या बदले गए। मामले की गंभीरता को देखते जिले में चर्चा है कि यदि निष्पक्ष जांच हुई तो कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं। फिलहाल विभागीय स्तर पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन आयुक्त के संज्ञान में आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।




