Betul News: कुंडी टोल प्लाजा पर अवैध वसूली का मुद्दा राज्यसभा में गूंजा

दिग्विजय सिंह ने अधूरी सड़क पर टोल वसूली को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से पूछा सवाल

Betul News: शाहपुर (आशीष राठौर)। भोपाल-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शाहपुर के समीप स्थित कुंडी टोल प्लाजा पर कथित रूप से की जा रही अवैध टोल वसूली का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इस बार यह मुद्दा सीधे देश की सर्वोच्च सदन राज्यसभा तक पहुंच गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बुधवार को राज्यसभा में प्रश्न उठाते केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को घेरते हुए तीखा सवाल किया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों को लेकर केंद्र सरकार द्वारा बनाई गई नीतियों का जमीनी स्तर पर पालन नहीं हो रहा है।

उन्होंने उदाहरण देते कहा कि देश के कई हिस्सों में विशेषकर मध्यप्रदेश में सड़कें पूरी तरह तैयार हुए बिना ही टोल टैक्स वसूला जा रहा है, जो नियमों के खिलाफ है। शाहपुर के पास स्थित कुंडी टोल प्लाजा इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है, जहां राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य अधूरा होने के बावजूद टोल वसूली शुरू कर दी गई। उन्होंने सदन को बताया कि कुंडी टोल प्लाजा को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और वाहन चालकों ने पहले भी विरोध प्रदर्शन और आंदोलन किए थे, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ। अधूरी सड़क, गड्ढे, डायवर्जन और असुविधाओं के बीच वाहन चालकों से नियमित रूप से टोल वसूला जा रहा है।

दिग्गी ने तारीफ भी की, गडकरी से सवाल भी पूछे

राज्यसभा में बोलते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि आप भाजपा के दिग्गज नेताओं में गिने जाते हैं और आपके द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गों को लेकर जो नीतियां बनाई गई हैं, उनका सही ढंग से पालन होना चाहिए, लेकिन हकीकत यह है कि कई जगह सड़कें पूरी नहीं हुई हैं, फिर भी टोल टैक्स वसूला जा रहा है। आपने स्वयं बैतूल जाकर सड़क की स्थिति देखी और अधिकारियों को फटकारा फिर भी आज तक कुंडी टोल प्लाजा पर वसूली जारी है। उन्होंने आगे कहा कि टोल वसूली की अनुमति केवल उन्हीं सड़कों पर दी जानी चाहिए, जो पूरी तरह से बनकर तैयार हों और आम जनता के लिए सुरक्षित व सुगम हों। अधूरी, क्षतिग्रस्त या चलने लायक न होने वाली सड़कों पर टोल वसूलना न केवल अनुचित है, बल्कि जनता के साथ अन्याय भी है। हालांकि इस मामले में गडकरी का जवाब नहीं मिला है।

मामला उठने के बाद लोगों की उम्मीदें बढ़ी

राज्यसभा में इस मुद्दे के उठने के बाद कुंडी टोल प्लाजा को लेकर एक बार फिर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वाहन चालकों और ग्रामीणों को उम्मीद है कि अब इस मामले में केंद्र सरकार और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण गंभीरता दिखाएगा और या तो सड़क निर्माण को शीघ्र पूरा कराया जाएगा अथवा टोल वसूली पर रोक लगाई जाएगी।

मार्ग की बदहाली पर भी गडकरी को घेरा

दिग्विजय सिंह ने अपने प्रश्न में यह भी उल्लेख किया कि हाल ही में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बैतूल जिले के दौरे पर आए थे। इस दौरान वे टाइगर रिजर्व में सफारी के लिए भी पहुंचे थे। उसी समय उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाल स्थिति को देखा था और दिल्ली में एक कॉन्फ्रेंस के दौरान संबंधित अधिकारियों को फटकार भी लगाई थी। बावजूद इसके जमीनी स्तर पर न तो सड़क की हालत में कोई खास सुधार हुआ और न ही टोल वसूली पर रोक लगाई गई।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button