Betul Samachar: ठेकेदार से लेकर पार्षदों तक… सबकी नजर के सामने बदहाल सड़क, फिर भी पीआईसी में प्रस्ताव नहीं

शंकर-विवेकानंद वार्ड को जोड़ने वाली मुख्य सड़क डेढ़ साल से खस्ताहाल, पुराने टेंडर के बाद नया टेंडर कराने की पहल नहीं

Betul Samachar: बैतूल। शहर के शंकर वार्ड और विवेकानंद वार्ड को जोड़ने वाली मुख्य सड़क इन दिनों नगरपालिका की कार्यप्रणाली और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता पर सवाल खड़े कर रही है। सड़क निर्माण का पुराना टेंडर निरस्त हुए करीब डेढ़ साल हो चुका है, लेकिन अब तक नए टेंडर की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हाल ही में हुई पीआईसी की बैठक में भी इस महत्वपूर्ण सड़क को दोबारा निर्माण के लिए प्रस्तावित नहीं किया गया। पूर्व में सड़क निर्माण का टेंडर ठेकेदार पूरन साहू को मिला था, लेकिन काम शुरू नहीं हो सका।

इसके बाद सड़क निर्माण को लेकर तत्कालीन नगरपालिका अध्यक्ष एवं विवेकानंद वार्ड के पूर्व पार्षद और वर्तमान विकास वार्ड के पार्षद आनंद प्रजापति का नाम सामने आया। बताया जा रहा है कि उन्होंने ठेकेदार से यह काम ले लिया था। सड़क के रास्ते में अतिक्रमण और बिजली के पोल शिफ्टिंग का मामला आने के बाद काम लंबा खिंचता चला गया। इसके बाद टेंडर निरस्त कर दिया गया।

डेढ़ साल से सड़क जस की तस, नगरपालिका डाल रही गिट्टी-डस्ट

टेंडर निरस्त होने के बाद नगरपालिका ने सड़क के गड्ढों को भरने के लिए कई बार मोटी गिट्टी और डस्ट डलवाई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ। बारिश के बाद सड़क की हालत और बिगड़ गई है। जगह-जगह गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों का कहना है कि सड़क की स्थिति देखकर यह तय करना मुश्किल है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क।

पीआईसी की बैठक में भी नहीं उठाया मुद्दा

हाल ही में हुई पीआईसी की बैठक में शंकर और विवेकानंद वार्ड से कोई प्रस्ताव शामिल नहीं किया गया। सड़क निर्माण का मामला भी एजेंडे में नहीं आया। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि सड़क दो वार्डों को जोड़ने वाली प्रमुख कड़ी है और रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। इसके बावजूद सड़क निर्माण के लिए दोबारा टेंडर कराने की पहल नहीं होना जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।

इस मामले में विवेकानंद वार्ड की पार्षद अंजुरानी शर्मा, शंकर वार्ड की पार्षद ममता मालवीय और विकास वार्ड के पार्षद आनंद प्रजापति की भूमिका को लेकर भी रहवासी सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र की सड़क की समस्या सभी के सामने है, फिर भी इसे नगरपालिका के एजेंडे में लाने के लिए गंभीर प्रयास नजर नहीं आए।

रोज इसी सड़क से गुजरते हैं, फिर भी नहीं दिखते गड्ढे?

क्षेत्र के लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि सड़क की बदहाली जनप्रतिनिधियों से छिपी नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि इसी क्षेत्र में रहते और आते-जाते हैं। इसके बावजूद सड़क के स्थायी निर्माण का मुद्दा पीआईसी की बैठक तक नहीं पहुंचना समझ से परे है। लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क राजनीतिक और ठेकेदारी खींचतान की भेंट चढ़ गई है।

वाहन चालकों को हादसे का डर

सड़क पर बने गड्ढों के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को लगातार परेशानी हो रही है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। रहवासियों ने नगरपालिका से मांग की है कि औपचारिक मरम्मत के बजाय सड़क का स्थायी निर्माण कराया जाए और इसके लिए तत्काल नया टेंडर जारी किया जाए।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button