Betul Mandi News : कृषि मंडी के सामने वाहनों की लंबी कतार

किसानों को परिसर में उपज डालने को नहीं जगह
Betul Mandi News : बैतूल। कृषि मंडी के हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। शुक्रवार को सुबह से ही उपज लेकर पहुंचे किसानों को अव्यवस्थाओं के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मंडी परिसर में जगह की कमी के चलते मुख्य गेट के बाहर उपज से भरे वाहनों की लंबी कतार लग गई। किसानों का कहना है कि मंडी में स्थान न होने के कारण उन्हें गेट पर ही रोक दिया गया और अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। कई किसान सुबह से पहुंचे हुए थे, लेकिन दोपहर 2 बजे तक भी उन्हें प्रवेश नहीं मिल पाया, जिससे वह परेशान और निराश दिखाई दिए।
किसानों ने बताया कि मंडी परिसर में व्यापारियों द्वारा खरीदे गए अनाज के बोरे शेड और खुले स्थानों पर बड़े पैमाने पर जमा हैं। इन बोरों को समय पर नहीं उठाए जाने के कारण नई आवक को रखने के लिए जगह नहीं बची है। व्यापारी रैक लगने की प्रतीक्षा में उठाव नहीं कर रहे हैं, जिससे मंडी में जगह की समस्या और गंभीर होती जा रही है। बोरे नहीं हटने से किसानों को उपज डालने के लिए उचित स्थान नहीं मिल पा रहा है और उनकी उपज ट्रॉली-ट्रैक्टर में ही घंटों तक रुकी रहती है।
सुबह मंडी के सामने लगता है जाम
इन दिनों मंडी में बंपर आवक जारी है। बड़ी संख्या में किसान सोयाबीन और अन्य उपज लेकर पहुंच रहे हैं, जिससे सुबह के समय मंडी परिसर और मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। खासतौर पर बडोरा चौक के पास रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। लंबे समय तक वाहनों की लाइन लगी रहने से यातायात बाधित हो रहा है और आम लोगों को भी भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
मंडी में जगह न होने के कारण किसानों को अपने वाहन सड़क किनारे खड़े करने पड़ते हैं, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था और बिगड़ जाती है। किसानों का कहना है कि प्रशासन और मंडी प्रबंधन द्वारा समय रहते उठाव नहीं कराने और व्यवस्था सुधारने के कदम न उठाने से हालात दिन-ब-दिन बदतर होते जा रहे हैं। यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।




