Betul Ki Khabar : एनक्यूएएस टीम ने जिला अस्पताल की टटोली नब्ज, सुविधाओं का लिया जायजा

दो दिन तक तीन सदस्यीय टीम करेगी सभी विभागों का निरीक्षण

Betul Ki Khabar : बैतूल। नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूएएस) की तीन सदस्यीय टीम ने शुक्रवार को जिला अस्पताल पहुंचकर विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की गुणवत्ता का आकलन किया। टीम को कई जगह व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, जबकि कुछ स्थानों पर सुधार की आवश्यकता जताई गई। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अस्पताल पहुंचे दल में डॉ. हर्षा गुप्ता, एमआर निलेश गर्ग और एमआरएस संजूलता भार्गव शामिल रहे। टीम ने पहुंचते ही अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित दवाई वितरण केंद्र का निरीक्षण शुरू किया।

टीम ने फार्मेसिस्ट से दवाइयों की उपलब्धता, स्टॉक, रख-रखाव और वितरण प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। दवा वितरण केंद्र पर अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, हालांकि टीम ने कुछ बिंदुओं पर रिकॉर्ड अपडेट रखने की आवश्यकता बताई। इसके बाद टीम अस्पताल की भोजन शाला में पहुंची, जहां मरीजों के लिए बने भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई। भोजन में दाल, चावल, सब्जी और रोटी तैयार की गई थी। टीम ने भोजन की गुणवत्ता को सराहा और रोटी बनाने में इस्तेमाल हो रही मशीन के संचालन की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी हासिल की।

टीम ने भोजन शाला के कर्मचारियों से रोजाना तैयार होने वाले भोजन की मात्रा, मरीजों की संख्या और मेन्यू की रूपरेखा के बारे में पूछा। निरीक्षण के दौरान भोजन शाला का स्टोर रूम अव्यवस्थित मिला, जिस पर टीम ने सामग्री को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से रखने के निर्देश दिए। समाचार लिखे जाने तक टीम का निरीक्षण जारी था। टीम का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में अंतिम रिपोर्ट तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी।

इन विभागों में होगा गहन निरीक्षण

जानकारी के अनुसार, दो दिवसीय निरीक्षण के दौरान टीम अस्पताल के सभी महत्वपूर्ण विभागों का बारीकी से निरीक्षण करेगी। टीम द्वारा पीआईसीयू, आईसीयू, बच्चा वार्ड, जनरल वार्ड, मेडिकल वार्ड, महिला वार्ड, ऑपरेशन थियेटर, बर्न वार्ड, टीबी वार्ड, ट्रामा सेंटर, महिला चिकित्सा इकाई, एसएनसीयू, एक्स-रे यूनिट, पोषण पुनर्वास केंद्र सहित अन्य विभागों का गहन आकलन किया जाएगा। निरीक्षण के बाद तैयार होने वाली रिपोर्ट में यदि व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप पाई जाती हैं, तो अस्पताल को अवार्ड के रूप में प्रोत्साहन राशि भी मिल सकती है।

एनक्यूएएस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा, उपचार प्रक्रिया, रिकॉर्ड प्रबंधन और मानक संचालन प्रक्रियाओं के अनुपालन की जांच करना है। निरीक्षण दल मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और संतुष्टि के स्तर का भी आकलन करेगा।

आगजनी की घटना के बाद हुआ निरीक्षण

उल्लेखनीय है कि टीम का जिला अस्पताल आने का कार्यक्रम 25 नवंबर को तय था। लेकिन उसी दिन अस्पताल में हुई आकस्मिक आगजनी की घटना के चलते टीम ने अपना दौरा स्थगित कर दिया था। दो दिन बाद शुक्रवार को टीम ने अस्पताल पहुंचकर निरीक्षण शुरू किया। आगजनी की घटना के बाद टीम विशेष रूप से सुरक्षा मानकों, विद्युत प्रबंधन और आपातकालीन व्यवस्था की भी समीक्षा कर रही है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि निरीक्षण टीम को सभी विभागों की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जा रहा है। जहां सुधार की जरूरत बताई जा रही है, वहां सुधारात्मक कदम भी शुरू कर दिए गए हैं। टीम के सदस्यों ने कहा कि निरीक्षण पूरा होने के बाद ही अस्पताल की स्थिति और गुणवत्ता के बारे में अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button