Betul News: जिले का पांच वर्ष का विजन डॉक्यूमेंट होगा तैयार
Betul News: Five year vision document of the district will be ready

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को अपने विभाग का प्लान तैयार करने को कहा, जनप्रतिनिधियों से भी ली जाएगी सलाह
Betul News: बैतूल। आगामी पांच वर्षों के लिए जिले का विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने का प्लान जिला प्रशासन ने बनाया है। सभी विभागों से कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने इस संबंध में अपने विभाग का विजन मांगा है। इस विजन में जनप्रतिनिधियों की भी अलग-अलग राय ली जाकर ब्यौरा तैयार करने के निर्देश के बाद सभी विभाग प्रमुख इसकी तैयारी में जुटे हैं। कलेक्टर ने इस प्लान की मानीटरिंग के लिए जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन को नोडल अधिकारी बनाया है। वे सभी विभागों से विजन डाक्यूमेंट मिलने के बाद रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपेंगे।
सामान्यतौर पर जिले के विकास के लिए कार्ययोजना बनते आ रही है। सांसद और विधायकगण अपने क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री से कई मांग करते रहते हैं, लेकिन इस मर्तबा खुद अधिकारी भी इसमें रूचि दिखा रहे हैं। इससे जिले के विकास को पंख लगने से इंकार नहीं किया जा सकता है। दरअसल पिछले दिनों जिले के सांसद और विधायकों के साथ जिले के विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने के लिए बैठक हुई थी। इस बैठक में तय किया गया था कि सभी विभाग अपने कार्यक्षेत्र में संभावित गतिविधियों और विकास को लेकर प्लान तैयार करेंगे। इस बैठक में जिले के सभी विधायकों ने अपनी सहमति देकर कई सुझाव दिए थे।
सुझाव पर अमल की तैयारी शुरू
सूत्रों ने बताया कि विधायकों के साथ बैठक के बाद जिले के मुखिया नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने टीएल की बैठक में भी इस संबंध में सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक कलेक्टर ने खुद जिले के विकास में रूचि दिखाते हुए सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि आगामी पांच वर्ष के लिए विजन डाक्यूमेंट को तैयार किया जाए। इस प्लान में अपने विभाग का पांच वर्ष में किए जाने वाले बड़े कार्य को शामिल करें, ताकि विकसित बैतूल का सपना पूरा किया जा सके। कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि प्रत्येक विभाग का प्लान तीन पेज का तैयार किया जाकर सारगर्वित बनाया जाए, ताकि प्लान को जिले के विधायकों के समक्ष भी रखा जा सके।
मिलेगा भविष्य में बेहतर फायदा
पहली बार ऐसा हो रहा है जब सांसद और विधायक के साथ तालमेल स्थापित कर अधिकारी टीम वर्क से काम कर रहे हैं। इसके बेहतर परिणाम आने वाले समय में देखने को मिलेंगे। दरअसल पांच वर्ष का विजन डाक्यूमेंट तैयार करने के पीछे लक्ष्य है कि सभी विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं को तैयार करने के बाद इसकी एक फाइल बनाई जाएगी। सांसद और विधायकों के नेतृत्व में यह फाइल विजन डाक्यूमेंट के नाम से मुख्यमंत्री को सौपेंगे। सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री को जिले के सांसद और विधायक विजन डाक्यूमेंट के बारे में बताकर आगामी पांच वर्ष के लिए किए जा रहे प्रयासों को प्रस्तुतिकरण देंगे। इस प्लान के बाद अलग-अलग विभागों के लिए अलग-अलग विभाग हेतु राशि की डिमांड की जाएगी। यह राशि आम लोगों के हित में खर्च की जाकर विकास की राह सुनिश्चित की जा सकेगी।
प्लान में जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका
जानकार सूत्रों ने बताया कि जिले के पांच वर्ष विजन डाक्यूमेंट तैयार करने के पीछे सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके समेत पांचों विधायक हेमंत खंडेलवाल, चंद्रशेखर देशमुख, डॉ योगेश पंडाग्रे, महेंद्र सिंह चौहान, गंगा बाई उइके की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। चूंकि सभी विभाग प्रमुखों को कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर पांच वर्ष के विजन डाक्यूमेंट में कार्यों को खासकर शामिल किया जाए। इसके बाद प्लान को अंतिम रूप दें। इस बात से साफ है कि हर विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए सांसद और पांचों विधायकों की भूमिका से इंकार नहीं किया जा सकता है। इनके अनुभव से विजन डाक्यूमेंट के प्लान को और अधिक फायदा मिल सकता है।
इनका कहना…
जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में जिले का पांच वर्ष के विजन डाक्यूमेंट तैयार करने के लिए प्लान बनाया है। सभी अधिकारियों को प्लान बनाकर सांसद और विधायकों से चर्चा करने के लिए कहा है। जिले के विकास के लिए बनाया गया विजन विधायकों के साथ मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा।
नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, कलेक्टर बैतूल





