Betul News: विद्यार्थी पैदल बैतूल जा रहे थे, विधायक शाहपुर में रहते हुए भी नहीं पहुंची मिलने
Betul News: Students were going to Betul on foot, the MLA did not reach to meet them even though she was in Shahpur.

जानकारी मिलने पर केंद्रीय मंत्री और कलेक्टर तुरंत पहुंचे, विधायक के रूख पर तरह-तरह की चर्चा
Betul News: शाहपुर (आशीष राठौर)। चर्चा का केंद्र बिंदु बने शाहपुर के एकलव्य आवासीय विद्यालय में कल जिस तरह विद्यार्थियों ने घटिया खाने और अन्य समस्याओं को लेकर कलेक्टर से मिलने की जिद को लेकर बैतूल पदमार्च कर दिया। इससे पूरे प्रशासन महकमे में हड़कंप मच गया।
केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके और कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी अन्य कार्यक्रमों में व्यस्त रहने के बावजूद तुरंत शाहपुर पहुंच गए और विद्यार्थियों से अच्छे माहौल में चर्चा कर लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश देकर विद्यार्थियों के मन से खौफ हटाने का अच्छा प्रयास किया, लेकिन दूसरी ओर क्षेत्रीय विधायक गंगा उइके शाहपुर में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के बावजूद एकलव्य आवासीय विद्यालय पहुंची और न ही विद्यार्थियों से चर्चा की। महिला होने के नाते छात्राओं की समस्याओं को वे करीब से जान सकती थी। महिला विधायक के इस रूख को लेकर तरह तरह की चर्चा चल रही है।

बुधवार को जिस तरह शाहपुर एकलव्य आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोला इससे पूरे जिले में हड़कंप मच गया। 130 की संख्या में विद्यार्थी अधिकारियों की समझाइश के बाद बैतूल जाकर कलेक्टर से मिलने की जिद पर अड़े रहे। नतीजा यह हुआ कि सभी अधिकारियों की बातों को अनसुना कर वे बैतूल कूच कर गए। केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके और कलेक्टर सूर्यवंशी को इस बारे में जानकारी लगी तो दोनों अपने व्यस्त कार्यक्रम को छोड़कर शाहपुर पहुंचे और विद्यार्थियों को समझाइश देते हुए बरेठा से शाहपुर लेकर उनसे करीब दो घंटे तक चर्चा की।
छात्र-छात्राओं ने इस दौरान मंत्री और कलेक्टर को एकलव्य आवासीय विद्यालय की अव्यवस्थाओं की पोल खोलने में कोई कसर नहीं छोड़ी जिस तरह से छात्राओं ने नर्स द्वारा गर्भनिरोधक दवा खिलाने और अन्य विद्यार्थियों ने घटिया सब्जी परोसने के आरोप लगाए तो मंत्री और कलेक्टर नाराज हुए। दोनों ने भोपाल के अधिकारियों से बात कर तीन लोगों के निलंबन का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

विधायक का गैर जिम्मेदाराना रवैया चर्चा में
इधर जानकारी मिली है कि क्षेत्रीय महिला विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके बुधवार को शाहपुर के स्थानीय कार्यक्रम में शामिल हुई। बताया जाता है कि जिस समय यह पूरा मामला हो रहा था, तब वे शाहपुर मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम और भौंरा स्वास्थ्य केंद्र में फल वितरण में शामिल हुई थी। इसक बावजूद वे जानकारी होने पर एकलव्य आवासीय विद्यालय में हुए घटनाक्रम की जानकारी लेने तक नहीं पहुंची।
छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों में इस बात को लेकर नाराजगी रही कि मुख्यालय पर होने के बावजूद विधायक ने बच्चों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया। यह रवैया क्षेत्रीय आदिवासी विद्यार्थियों के प्रति उनकी संवेदनशीलता पर सवाल खड़ा कर रहा है। पिछले वर्ष भी आवासीय विद्यालय में सीसीटीवी कांड को लेकर भी विधायक ने स्कूल में जाकर निरीक्षण किया था, लेकिन इस मामले में वे अपने क्षेत्र के प्रमुख घटनाक्रम पर ध्यान नहीं दे पाई।
अपनी ही सरकार में मंडल अध्यक्ष की नहीं हो रही सुनवाईइधर भा
जपा मंडल अध्यक्ष एवं नप पार्षद नीतू गुप्ता द्वारा अपने साथियों के साथ कुछ दिनों पहले एकलव्य आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं ने मंडल अध्यक्ष से पतली दाल, जली हुई रोटियां और पीले चावल परोसे जाने की शिकायत की थी। इस पर मंडल अध्यक्ष ने सीएम हेल्पलाइन और क्षेत्रीय विधायक गंगा सज्जन सिंह को भी शिकायत सौंपी थी। हालांकि शिकायत के बाद भी विद्यालय प्रबंधन द्वारा भोजन की गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं किया गया।
वहीं विधायक स्तर से भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। नतीजतन विद्यालय प्राचार्य और छात्रावास अधीक्षक विद्यार्थियों को लगातार गुणवत्ताहीन भोजन परोसते रहे। अगर समय रहते विद्यार्थियों की शिकायत का समाधान किया जाता, तो आज विद्यार्थियों को मजबूर होकर सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन नहीं करना पड़ता। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपनी ही सरकार में मंडल अध्यक्ष की बातों को नजरअंदाज करना, गंभीर लापरवाही को दर्शाता है, जब भाजपा पदाधिकारी की बात नहीं सुनी जा रही तो आम नागरिकों की बातों को कितना गंभीर चिंतन किया जाता होगा।




