Betul Ki Khabar : छात्रावास के खाने में इल्लियां निकलने पर बिफरी छात्राएं
Betul Ki Khabar: Girls get angry after finding worms in hostel food

कलेक्ट्रेट के गेट के सामने धरने पर, अधीक्षक पर भी गंभीर आरोप
Betul Ki Khabar : बैतूल। आदिम जाति कल्याण विभाग के अंतर्गत आने वाले छात्रावासों में सुविधाएं सुधरने का नाम नहीं ले रही है। आदिवासी बाहुल्य होने के बावजूद अधिकारी छात्र-छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, इसलिए प्रबंधन के खिलाफ खुद विद्यार्थियों को मोर्चा खोलना पड़ रहा है। सोमवार को भी आदिवासी कन्या परिसर की एक सैकड़ा छात्राएं स्कूल यूनिफार्म पर ही कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गई।
उनका आरोप था कि छात्रावास में इल्लीयुक्त भोजन दिया जा रहा है और बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। छात्राओं ने अधीक्षक पर अनुचित व्यवहार का आरोप भी लगाया। कलेक्ट्रेट की सीढ़ियों पर छात्राओं के धरने पर बैठने की सूचना जैसे ही एसडीएम अभिजीत सिंह को मिली वे मौके पर पहुंच गए। उन्होंने छात्राओं की समस्याओं को सुनने के बाद सहायक आयुक्त आदिवासी विवेक पांडे के अवकाश पर होने के कारण अन्य अधिकारियों एवं स्कूल प्राचार्य को व्यवस्था मेें सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए। इसके बाद छात्राओं का धरना समाप्त हो गया।
छात्राओं ने अधिकारियों को बताया कि छात्रावास के भोजन में अक्सर इल्लियां निकलती हैं और उसकी गुणवत्ता बेहद खराब है। हालांकि, छात्राओं ने मीडिया से बात नहीं की। इस शिकायत पर एसडीएम ने तहसीलदार पूनम साहू को मौके पर भेजकर निरीक्षण करने और जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया।
पूर्व में भी आ चुके हैं ऐसे मामले सामने
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने शाहपुर के एकलव्य छात्रावास के सैकड़ों छात्र भी इसी तरह की समस्याओं से परेशान होकर 36 किलोमीटर पैदल चलकर बैतूल की ओर आ गए थे। उस समय कलेक्टर ने रास्ते में पहुंचकर उन्हें समझाया था। उस मामले की जांच वर्तमान में भोपाल और दिल्ली के अधिकारी कर रहे हैं, जिसमें शिकायतें गंभीर पाए जाने पर प्राचार्य को हटा दिया गया था और दो कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई थीं।




