Betul Ki Khabar: आखिर नपा की खुली नींद, सिविल लाइन से हटाए बेरीकेड

कालेज रोड से आवाजाही हुई कम, वाहन चालकों को राहत
Betul Ki Khabar: बैतूल। सौंदर्यीकरण के लिए पिछले दो माह से बंद पड़े कालेज चौक निर्माण के कारण डायवर्ड किए गए यातायात को सिविल लाइन क्षेत्र में मर्जी से बेरीकेडिंग करने पर आखिर नपा की नींद खुल गई। सांझवीर टाईम्स की गतांक में इस संबंध में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित होने के बाद सोमवार शाम को एलआईसी और जेएच कालेज के बीच लगाए गए बेरीकेड को हटा दिया गया है। भले ही ठेकेदार ने छोटे चार पहिया और दोपहिया वाहन के लिए अस्थाई रास्ता निर्माणाधीण के बाजू से निकाला है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं था।
सिविल लाइन से नपा ने रोड डायवर्ड किया तो लोगों ने मर्जी से बेरीकेड लगाकर आवाजाही बंद कर दी थी। इस वजह डायवर्ड रोड पर यातायात बुरी तरह से बाधित हो रहा था। चौकाने वाली बात यह है कि नपा को सिविल लाइन क्षेत्र में तीन से चार स्थानों पर बेरीकेड लगाने की जानकारी ही नहीं थी।
बताया जाता है कि एलआईसी आफिस के पहले एक पानठेल के बाजू में लोगों ने खुद बेरीकेड लगाकर डायवर्ड वाले प्रमुख मार्ग को बाधित कर दिया। जब सांझवीर टाईम्स ने सोमवार के अंक में यह समाचार प्रमुखता से प्रकाश्तिा किया तो नपा के अधिकारियों की नींद खुल गई।
आनन-फानन में नपा के सब इंजीनियरों और राजस्व की टीम ने मिलकर बेरीकेड और पत्थर हटाकर रास्ता खुलवा दिया है। अब छोटे चौपहिया वाहनों के अलावा दोपहिया वाहन कालेज चौक के अलावा सिविल लाइन क्षेत्र से भी पीआरओ आफिस और टेलीफोन एक्सचेंज मार्ग पर जाने लगे हैं। इससे वाहन चालकों को भी राहत मिली है।
इनका कहना…
शिकायत के बाद सिविल लाइन में लगाए बेरीकेड हटा दिए गए हैं। क्षेत्र के लोगों को बिना अनुमति बेरीकेडिंग न करने के लिए चेताया है।
पंकज धुर्वे, उपयंत्री नपा बैतूल



