Betul samachar: video: जिला कांग्रेस अध्यक्ष की धार्मिक यात्रा में कांग्रेसी आपस में उलझे
Betul News: Congressmen clashed with each other during the religious journey of the District Congress President.

समिति अध्यक्ष ने भीड़ बढ़ने पर रोका तो अंबा माता मंदिर के सामने जमकर विवाद, वीडियो हो रहा वायरल
Betul samachar: बैतूल। नए जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा ने पदभार ग्रहण करने के बाद कांग्रेसियों को सामंजस्य और एकजुटता का दिया संदेश कुछ दिनों में ही तार-तार हो गया। वह भी उनके द्वारा निकाली गई धार्मिक यात्रा में धारूल की अंबा माता मंदिर जैसे पवित्र स्थान के सामने कांग्रेसी ऐसे उलझे कि मर्यादा ताक पर रख दी। मंदिर में अंदर प्रवेश करने को लेकर उपजे विवाद में समिति के अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता धनराज गावंडे और युवा कांग्रेस नेता रूपेंद्र आर्य(पम्मू) के बीच इस कदर बढ़ गया कि बात तू-तड़ाक तक जा पहुंची। मौके पर मौजूद पूर्व विधायक धरमू सिंह सिरसाम, कांग्रेस नेता तरूण मानकर और अन्य को समझाइश देकर मामला शांत कराना पड़ा। इस पूरे मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कांग्रेस में बदलाव की बयार के बीच संगठन सृजन अभियान जोर-शोर से चला। पूरे प्रदेश में कांग्रेस ने पर्यवेक्षक भेजकर कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलकर नए जिला अध्यक्ष को तलाशा। पिछले दिनों अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने पूरे प्रदेश के लगभग 72 जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की गई। इसमें बैतूल से पूर्व विधायक और उद्योगपति निलय डागा को नया अध्यक्ष बनाया गया। डागा के बारे में कहा जाता है कि उन्होंने अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए कांग्रेसियों में एकजुटता का प्रयास किया। अपने मनोनयन के बाद उन्होंने जिले का दौरा कर कांग्रेसियों से एकजुटता बनाकर भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोलने का आव्हान किया, लेकिन उनकी अपील को दरकिनार करते हुए कांग्रेसी छोटे-छोटे मामलों में विवाद खड़ा कर उनकी ही अपील को दरकिनार करने से नहीं चुक रहे।
धार्मिक यात्रा में मंदिर के सामने मचा बवाल
जिला कांग्रेस अध्यक्ष के मनोनयन के बाद निलय डागा ने पहली मर्तबा बैतूल से धारूल स्थित अंबा माई के पवित्र स्थल तक किसान शक्ति संकल्प यात्रा गत 24 सितंबर को निकाली थी। इसमें बड़ी संख्या में जिलेभर के कांग्रेसी पहुंचे। बताया जाता है कि इस दिन दोपहर बाद जब जिला कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में निकली संकल्प यात्रा धारूल स्थित प्रसिद्ध अंबा माई दरबार पहुंची तो नवरात्र के कारण पहले से ही भीड़ थी। समिति के अध्यक्ष धनराज गावंडे ने व्यवस्था बनाते हुए डागा दंपत्ति समेत पांच अन्य कांग्रेसियों को अंदर प्रवेश दे दिया, लेकिन कुछ अन्य कांग्रेसी भी अंदर प्रवेश करने की जिद करने लगे। चूंकि नवरात्र के कारण अन्य श्रद्धालु भी अंबा माई के दर्शन के लिए पहले से खड़े थे। ऐसे में यहां पर अव्यवस्था हो सकती थी। इसे देखते हुए अध्यक्ष ने सम्मान देते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष, उनकी पत्नी और कुछ कांग्रेसियों को दर्शन की अनुमति दे दी थी। इसके बाद कुछ कांग्रेस अंदर जाने की जिद करने लगे, इस पर जमकर बवाल मच गया।
समिति अध्यक्ष और विवाद करने वाले नेता दोनों कांग्रेसी!
अंबा माई जैसे धार्मिक स्थल पर कांग्रेस अध्यक्ष की यात्रा के दौरान अंदर प्रवेश करने को लेकर एक वीडियो वायरल हो रहा है, इसमें आसानी से देखा जा सकता है कि समिति के अध्यक्ष और कांग्रेस नेता धनराज गावंडे अन्य कांग्रेसियों को प्रवेश के लिए मना कर रहे। व्यवस्था बनानेे के लिए उनकी कवायद को धता दिखाते हुए कांग्रेस नेता रूपेंद्र आर्य को वे रोकते हैं तो वह समिति अध्यक्ष को तू-तड़ाक से बात करते हुए वीडियो में देखे जा रहें।
दोनों के बीच धक्का मुक्की और शब्दबाण का नजारा काफी देर तक चलता रहा। धार्मिक यात्रा में मौजूद पूर्व विधायक धरमू सिंह सिरसाम, कांग्रेस नेता तरूण मानकर और अन्य दोनों को समझाइश देते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन वायरल हो रहे वीडियो में माता जी का मंदिर और इसमें पूजा करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष और उनकी पत्नी भी दिखाई दे रही है। उनकी मौजूदगी में जिस तरह कांग्रेस नेता ने मंदिर में अंदर जाने के लिए शब्दबाण चलाए, इससे मौजूद श्रद्धालु भी कुछ देर के लिए असहज हो गए। कई लोगों ने कहा कि कांग्रेसियों को इस तरह का व्यवहार धार्मिक स्थल पर नहीं करना चाहिए था।
इनका कहना…
इस समय नवरात्र चल रहे हैं। धारूल में माता जी के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। हमने व्यवस्था बनाते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष और उनकी पत्नी समेत पांच अन्य कांग्रेसियों को दर्शन-पूजा के लिए प्रवेश दे दिया था। इसके बावजूद रूपेंद्र आर्य अंदर जाने के लिए प्रयास कर रहे थे। उन्हें रोका गया तो वे तू.. तड़ाक से बात करने लगे। धार्मिक स्थल पर इस तरह की बातें नहीं करना चाहिए।
धनराज गावंडे, अध्यक्ष धारूल अंबा माई समिति एवं कांग्रेस नेता
मेरा भी माता जी के दरबार से आत्मिक जुड़ाव है। पूर्व में यहां पर लगे शिलालेख पर मेरा नाम भी अंकित है। इसके बावजूद मुझे और मेरे परिवार को अंदर जाने से रोका और समिति अध्यक्ष ने धक्का दे दिया। इसलिए आवेश में आकर मेरे मुंह से गलत शब्द निकल गए।
रूपेंद्र आर्य, कांग्रेस नेता, आठनेर




