Pm Modi Betul: अब प्रधानमंत्री मोदी की बैतूल में सभा 15 को, प्रचार थमने के अंतिम दिन सभा में आसपास के जिले के प्रत्याशी भी जुटेंगे

बैतूल । भाजपा ने विधानसभा चुनाव में स्टार प्रचारक और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बैतूल बुलाकर अपने पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया है। पूर्व में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा 9 नवम्बर को आयोजित करने की संभावना थी, लेकिन मास्टर स्ट्रोक करते हुए प्रधानमंत्री की सभा की तिथि दीपावली के बाद 15 नवम्बर कर बाजी मार ली। इसी दिन 17 नवम्बर को होने वाले चुनाव के लिए चुनावी प्रचार थम जाएगा। अंतिम दिन प्रधानमंत्री की सभा कर भाजपा जिले की पांचों विधानसभा में फायदा लेने के उद्देश्य से अंतिम दौर में सभा करवा रही है।
सूत्र बताते है कि भाजपा संगठन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय मंत्री नितिन गड़करी, राजनाथ सिंह, नरेन्द्र सिंह तोमर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं का नाम भेजा है। जिला संगठन के प्रयास थे कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक सभा जिले में होने माहौल अच्छा बनेगा, चूंकि नर्मदापुरम से संभाग में आने वाला बैतूल एकमात्र जिला ऐसा था जिसमें गत चुनाव में भाजपा 5 में से 4 सीटों पर पराजित हुई। सूत्रों के अनुसार जिला संगठन के इस प्रस्ताव पर प्रदेश संगठन गंभीरता से विचार कर रहा था। इस बीच 4 नवम्बर को प्रधानमंत्री की सिवनी और अन्य जगह सभा होने वाली है। इसके बाद 7 से 9 नवम्बर को भी प्रधानमंत्री की एमपी में सभा में होना तय थी। इस लिहाज से 9 नवम्बर को बैतूल में प्रधानमंत्री के सभा होने के संकेत मिले थे, लेकिन पीएमओ कार्यालय से स्थिति में तारीख नहीं मिल पाई।
अंतिम दौर में पीएम की सभा होगी
भाजपा से जुड़े सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा पुलिस ग्राउंड में करवाई जा सकती है। चूंकि यहां पर हेलीपेड भी बना हुआ है और जगह भी मुफीद है। इस बीच प्रदेश संगठन से बैतूल में प्रधानमंत्री की सभा प्रचार थमने के अंतिम दिन 15 नवम्बर को तय होने की खबर से संगठन में उत्साह की लहर है। सूत्र बताते है कि पुलिस ग्राउंड में आयोजित होने वाली पीएम की सभा में बैतूल के अलावा हरदा, नर्मदापुरम, खंडवा जिले के भाजपा उम्मीदार और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। भाजपा ने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है।




