Betul News: 33 इंच बारिश ने उधेड़ दी सड़कों की बखिया, मुख्य सड़कों के साथ शहर की अंदरूनी सड़कों ने भी तोड़ा दम
Betul News: 33 inches of rain destroyed the roads, along with the main roads, the internal roads of the city also broke down.

Betul News: (बैतूल)। शहर में बारिश का आंकड़ा 33 इंच पहुंचने के बाद इसका सबसे ज्यादा असर शहर की सड़कों पर पड़ा है। शहर की मुख्य सड़कों के तो हाल बेहाल हो ही चुके हैं। शहर के भीतरी क्षेत्रों में बनाई गई सड़कें भी खस्ताहाल होकर गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। इसका सीधा खामियाजा वार्डों में रहने वाले रहवासियों को भुगतना पड़ रहा है। जिस तरह से बारिश के चलते सड़कें उधड़ चुकी हैं उसने नगर पालिका की कार्य प्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या वजह है कि, लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद जरा सी बारिश में सड़कों के हाल बेहाल हो जाते हैं। क्या सड़क निर्माण करते समय इसका निरीक्षण नहीं किया जाता, क्या सड़क बनाने के पहले मौका निरीक्षण कर बकायदा इसकी प्लानिंग नहीं कि जाति यह तमाम ऐसे सवाल हैं जो नगर पालिका के लापरवाह अधिकारियों की कर्तव्यनिष्ठा पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं।
थाना चौक से पेट्रोल पंप चौराहे तक गड्ढें ही गड्ढें
कोठीबाजार की मुख्य सड़क थाना रोड का कुछ महीनों पहले ही डामरीकरण किया गया था। वर्तमान में इस सड़क की हालत यह हो गयी है कि सड़क ना ही वाहनों के चलने लायक बची है और ना ही पैदल चलने लायक, सुभाष प्रायमरी स्कूल के सामने सड़क से डामर गिट्टी पूरी तरह गायब हो चुकी है। नए राम मंदिर के सामने तो हालात ज्यादा ही खराब हो चुके हैं। इसके ठीक आगे लल्ली चौक पर भी सड़क पूरी तरह उधड़ चुकी है। बस स्टैंड के बाद पेट्रोल पंप चौराहे तक जगह जगह पर डामर गिट्टी उखड़ने के कारण सड़क पर छोटे छोटे गड्ढे बनने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इस सड़क से रोजाना सैकड़ों यात्री बसें और अन्य वाहन गुजरने के कारण सड़क दिनों दिन और भी ज्यादा खस्ताहाल हो रही है। पैदल चलने वालों की भीड़ भी इसी सड़क पर ज्यादा दिखाई देती है। बारिश होने पर सड़क पैदल चलने वालों के लिए ज्यादा मुसीबतें खड़ी कर रही है। हालांकि इस सड़क को टू लेन बनाये जाने के लिए नगर पालिका से टेंडर हो चुके हैं, लेकिन वर्तमान हालातों में यह सड़क लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।
वार्डों के भीतर भी सड़कें गायब
बारिश के चलते शहर के अधिकांश वार्डों में सड़कें पूरी तरह गायब हो चुकी हैं। हालात यह है कि बारिश होने पर लोगों का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो रहा है, क्योंकि तेज बारिश होने से सड़कों पर पानी ही पानी नजर आता है तो वहीं बारिश थमने के बाद सड़कों में बन चुके गड्ढों में पानी भरा होने की वजह से लोगों को आने जाने में परेशानियां झेलनी पड़ रही है। गौरतलब है कि वर्ष 2018 में नगर पालिका द्वारा शहर के कई वार्डों में सड़कों का निर्माण कराया गया था। कुछ वार्डों में डामरीकरण तो कुछ में सीमेंट रोड बनाई गई थी, लेकिन पिछले 5 वर्षों के अरसे में यह सड़कें पूरी तरह खराब हो चुकी हैं।
इनका कहना….
जिन वार्डों में सड़कें खराब हो गई है, उनका निरीक्षण कर सड़कों का मरम्मत कराया जाएगा।
ओमपाल सिंह भदौरिया, सीएमओ नपा बैतूल




