Betul Ki Khabar: खबर छपी तो घोड़ाडोंगरी विधायक पहुंची एकलव्य आवासीय विद्यालय
Betul Ki Khabar: When the news was published, Ghoradongri MLA reached Eklavya Residential School

छात्राओं से चर्चा कर ली कई जानकारियां
Betul Ki Khabar: शाहपुर (आशीष राठौर)। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शाहपुर में छात्र-छात्राओं की विभिन्न मांगों को लेकर पैदल मार्च ने बुधवार को पूरे क्षेत्र में हलचल मचा दी। लगभग 200 छात्र-छात्राएं विद्यालय से ब्लॉक मुख्यालय होते हुए बैतूल कलेक्टर से मिलने के लिए पैदल ही निकल पड़े। इस दौरान प्रशासन और जनप्रतिनिधियों में अचानक सक्रियता देखने को मिली।
सूचना मिलने के तुरंत बाद कलेक्टर ने सभी आवश्यक इंतजाम किए। उन्होंने विद्यार्थियों को बरेठा के पास रोककर सरकारी वाहनों की मदद से सुरक्षित रूप से विद्यालय तक पहुँचाया। इसके बाद कलेक्टर ने लगभग दो घंटे तक बंद कमरे में छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और समाधान का भरोसा दिया। इसी बीच क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके भी अपने अन्य कार्यक्रम छोड़कर विद्यालय पहुँचे और छात्रों से सीधे संवाद किया। सांसद ने बच्चों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने का आश्वासन दिया, जिससे छात्र और शिक्षक दोनों ही संतुष्ट नजर आए।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में शाहपुर क्षेत्र की विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही। विधायक शाहपुर मुख्यालय में मौजूद होने के बावजूद छात्रों से मिलने नहीं पहुंची। इस पर सांझवीर टाइम अखबार ने खबर को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया।
खबर प्रकाशित होते ही विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके ने आनन-फानन में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्रों को सभी आवश्यक सुविधाएँ समय पर उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुनने और जल्द समाधान करने का भरोसा दिया।

लोगों ने प्रशासन की सक्रियता को सराहा
विद्यालय के शिक्षक और स्थानीय निवासी इस पहल को स्वागत योग्य मानते हुए बता रहे हैं कि छात्र-छात्राओं की सक्रियता और प्रशासन की तत्परता ने क्षेत्र में शिक्षा और प्रशासन के प्रति सकारात्मक संदेश दिया है। वहीं, विधायक की देरी को लेकर क्षेत्र में हल्की नाखुशी भी देखी गई।छात्रों का यह पैदल मार्च, कलेक्टर व सांसद की त्वरित प्रतिक्रिया और विधायक की देरी अब पूरे शाहपुर और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बना हुआ है।




