Betul Mandir Chori : हनुमान मंदिर में दिनदहाड़े चोरी, दानपेटी के हजारों रूपए ले गए चोर, घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद

Betul Mandir Chori : बैतूल। शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। रात के बाद अब चोर दिनदहाड़े चोरी की घटना को अंजाम देने में लगे है। पुलिस चोरी की घटनाओं पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है। यही कारण है कि चोरी की घटनाएं थम नहीं रही है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के महावीर वार्ड के श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में 11 मार्च को अज्ञात चोर ने मंदिर को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। दानपेटी से रूपए चोरी कर लिए है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। एक बालक चोरी करते हुए सीसीटीवी फूटेज में दिखाई दे रहा है। घटना दोपहर लगभग ढाई बजे की बताई जा रही है। दिनदहाड़े चोरी होने से अंदाजा लगाया जा सकता है कि चोरों के हौंसले कितने बुलंद है। बताया जा रहा है कि मंदिर में 24 फरवरी को शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। इसके बाद शिवरात्रि पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह दो बड़े आयोजन होने पर मंदिर में सैकड़ों भक्त पहुंचे। जिन्होंने मंदिर की दानपेटी में दान भी दिया। दानपेटी से हजारों रूपए चोरी होने की बात सामने आई है। दानपेटी के रूपए की गिनती नहीं है कि कितने रूपए चोरी गए है। अनुमान के मुताबिक दानपेटी में हजारों रूपए हो सकते है।
पेटी का ताला तोड़कर लगा दिया दूसरा ताला
चोरी करने वाला चोर इतना शातिर था कि उसने चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद दानपेटी में दूसरा ताला लगा ताकि चोरी का किसी को शक न हो। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि जब वे दानपेटी का वह ताला खोलने लगे तो ताला नहीं खुल रहा था और दानपेटी में एक भी रूपए नहीं था, दानपेटी पूरी तरह से खाली लग रही थी। जब दानपेटी का ताला पुराने चाबी से नहीं खुला तो ताला तोड़ा और दानपेटी खोली, जिसमें एक भी रूपए नहीं थे। समिति के सदस्यों को शक हुआ कि मंदिर में किसी ने चोरी कर ली। जब मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी फूटेज खंगाले तो एक बालक दिनदहाड़े मंदिर में चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है। चोरी की घटना की जानकारी पुलिस को दी।
छोटी-मोटी चोरी बताकर पुलिस ने कर दिया अनुसना
मंदिर समिति के सदस्यों का कहना है कि चोरी की घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। शिकायत पर कोतवाल मौके पर तो पहुंचे, लेकिन उन्होंने छोटी-मोटी चोरी बताकर इसे अनसुना कर दिया। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि पुलिस चोरी की घटनाओं को लेकर कितने गंभीर है। मंदिर समिति के सदस्य बताते है कि थाना प्रभारी आए और वे मंदिर में एक मिनट तक रहे और वह भी फोन पर बात करते रहेे। मंदिर समिति के लोगों की बात भी नहीं सुनी और छोटी-मोटी चोरी तो होते रहती है, यह कहकर कोतवाल निकल लिए। मंदिर में हुई चोरी की घटना से लोगों में आक्रोश है।




