Betul News: रोड शो के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की बिगड़ी तबीयत
Betul News: State BJP president's health deteriorated during road show

वाहन के गेट की चपेट में अंगुली ने चक्कर आया, स्थिति सामान्य
Betul News: बैतूल/आठनेर। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली मर्तबा अपनी विधानसभा के आठनेर पहुंचे हेमंत खंडेलवाल का कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक स्वागत किया। शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष का बैतूल से आठनेर पहुंचने पर जगह-जगह स्वागत किया। इस दौरान आठनेर में वे रोड शो में शामिल हुए। इसी समय भीड़ में वाहन में बैठते समय किसी कार्यकर्ता ने गेट बंद कर दिया।
इसी गेट में उनकी अंगुली चपेट में आने और डीजे के तेज शोर से अचानक चक्कर आ गया। इस दौरान हड़कंप मच गया और उन्हें आनन फानन में निजी नर्सिंग होम ले जाया गया। उपचार के बाद उन्हें कुछ देर में छुट्टी दे दी गई। इस बीच जानकारी मिलते ही सीएमएचओ डॉ मनोज हुरमाड़े और बीएमओ सचिन आहतकर भी डाक्टरों की टीम के साथ यहां पर पहुंच गए थे, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार आने की खबर के बाद सभी ने राहत की सांस ली।
अस्पताल के बाहर प्रदेश अध्यक्ष की कुशलक्षेम जानने के लिए कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। हालांकि स्वास्थ्य में सुधार होते ही कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत ने दोबारा रोड शो में हिस्सा लिया और कार्यकर्ताओं का निराश नहीं किया। करीब 45 मिनट तक वे रोड शो में शामिल होकर आठनेर के लोगों का आभार जताते रहे। उन्होंने इस दौरान सभी का अभिवादन भी किया।

जिला भाजपा अध्यक्ष सुधाकर पवार ने बताया कि वाहन के गेट में अंगुली आने के कारण प्रदेश अध्यक्ष की तबीयत थोड़ी बिगड़ी थी, लेकिन अस्पताल में कुछ देर रहने ेके बाद वे वापस रोड शो में आ गए। उनकी स्थिति अब एकदम सामान्य है। दूसरी ओर प्रदेश अध्यक्ष की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलने पर कई नेताओं ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी भी ली।
सिवनपाट से लेकर आठनेर तक जोरदार स्वागत
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली मर्तबा हेमंत खंडेलवाल अपनी विधानसभा के आठनेर क्षेत्र पहुंचे थे। गांव से लेकर नगर परिषद आठनेर तक उनका कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक स्वागत किया। स्वागत की शुरुआत सुबह 10 बजे सिवनपाट से हुई। इसके बाद बोरपानी, सत्तुदेव जोड़, जावरा जोड़, सावंगी जोड़, गुणनेखड़, गलफट निवास होते हुए उनका काफिला रिलायंस पेट्रोल पंप पर पहुंचा।
इसके बाद गुणवंत नगर बसस्टैंड होते हुए पूरे आठनेर में रोड शो आयोजित किया गया। श्रीराम मंदिर में उनका साहू समाज द्वारा तुलादान किया गया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष कई वरिष्ठों के निवास पर भी पहुंचे और उनकी कुशलक्षेम जानी। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, भाजपा जिला महामंत्री कृष्णा गायकी, मंडल अध्यक्ष गोवर्धन राने, नप अध्यक्ष सुषमा मनोज जगताप, उपाध्यक्ष विनय जितपुरे, मनोज जगताप समेत आठनेर सहित आसपास के हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।




