Betul Ki Khabar : मंडी के शेड पर अंगद की पांव की तरह व्यापारियों का कब्जा
Betul Ki Khabar : Traders occupy the market shed like Angad's feet

उपज डालने किसानों को नहीं मिल रही जगह , प्रबंधन लापरवाह
Betul Ki Khabar : बैतूल। कृषि उपज मंडी की अव्यवस्थाएं नहीं सुधर रही है। मंडी के शेड पर व्यापारियों का कब्जा होने से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शेड के भीतर व्यापारियों द्वारा खरीदे गए अनाज के बोरे रखे है। किसानों को उपज शेड के बाहर डालनी पड़ती है। मंडी प्रशासन द्वारा अव्यवस्थाओं को ठीक नहीं किया जा रहा है। आए दिनों अव्यवस्थाओं के कारण किसान परेशान है। मंडी में शेड के भीतर उपज डालने के लिए शेड बनाएं गए है। इन शेड में किसानों को उपज डालने के लिए जगह नहीं मिल पाती। व्यापारी शेड में उपज के बोरे रख देते है जिसके कारण व्यवस्था बिगड़ रही है। कई बार अधिकारियों ने मंडी के निरीक्षण के दौरान व्यापारियों द्वारा बोरे हटाने के निर्देश दिए इसके बावजूद भी व्यवस्था जस की तस बनी है। मंडी प्रशासन द्वारा गंभीरता से ध्यान नहीं देने के कारण व्यवस्थाओं में कोई सुधार नहीं आ रहा है।
गर्मी और बारिश में सबसे ज्यादा दिक्कत
शेड के बाहर उपज डालने वाले किसानों को गर्मी और बारिश के समय सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वर्तमान में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है बादल उमड़-घुमड़ रहे है। इसके बावजूद भी मंडी प्रशासन ने किसानों को शेड के बाहर उपज के ढेर लगाने लगवाएं है। ऐसी स्थिति में बारिश होने पर किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। बारिश की संभावना होने की स्थिति में शेड के भीतर किसानों की उपज डालने की व्यवस्था बनानी थी, लेकिन मंडी प्रशासन व्यवस्था बनाने में नाकाम साबित हो रही है। गर्मी के दिनों में किसानों को चिल-चिलाती धूप होने पर भी शेड के बाहर उपज डालनी पड़ती है।
मंडी में गेहूं की हो रही बम्पर आवक
कृषि उपज मंडी में गेहूं की बम्पर आवक हो रही है। जब भी आवक बढ़ती है मंडी की व्यवस्था बिगड़ जाती है। फसल कटाई के बाद गेहूं की आवक भी बढ़ने लगी है। मंडी में बेचने के लिए किसान नया गेहंू लाने लग गए है। इन दिनों मंडी में सबसे ज्यादा गेहूं की आवक बनी हुई है। मंडी में प्रतिदिन 5 हजार से 8 हजार बोरे गेहूं की आवक है। इसके अलावा सोयाबीन और मक्का की भी बड़ी मात्रा में आवक बनी हुई है। अभी तो नए गेहूं की आवक शुरू हुई है आने वाले दिनों में गेहूं की आवक और बढ़ने की संभावना बनी है। अव्यवस्थाओं के संबंध में मंडी सचिव आरके अहाके से उनके मोबाईल नम्बर पर संपर्क करना चाहा लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।