Betul Ki Khabar: बारिश में बिजली समस्याओं में अप्रत्याशित कमी
Betul Ki Khabar: Unexpected reduction in power problems during rain

दोनों जोनों में चार टीमें 24 घंटे सक्रिय, शिकायतों का आंकड़ा सैकड़ों से घटकर दहाई में पहुंचा
Betul Ki Khabar: बैतूल। बारिश का मौसम आते ही बिजली संबंधी समस्याएं आम हो जाती हैं, लेकिन इस बार बैतूल शहर में स्थिति बदली हुई नजर आ रही है। जहां पिछले वर्षों में एक दिन में सैकड़ों शिकायतें दर्ज होती थीं, वहीं इस वर्ष यह आंकड़ा घटकर 25 से 30 के बीच सिमट गया है। बिजली कंपनी द्वारा शिकायतों के त्वरित निराकरण और नियमित मेंटेनेंस को इस सुधार का मुख्य कारण माना जा रहा है।
शहर को बिजली व्यवस्था की दृष्टि से उत्तर और दक्षिण, दो जोनों में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में बिजली कंपनी की दो-दो टीमें 24 घंटे सक्रिय हैं। कुल चार टीमों में प्रत्येक में तीन कर्मचारी नियुक्त हैं, जिन्हें लगातार ड्यूटी पर तैनात रखा गया है। इन टीमों को उपभोक्ताओं की शिकायतों का तुरंत निराकरण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
70 से 80 प्रतिशत तक कम हुई शिकायतें
दक्षिण संभाग के डिविजनल इंजीनियर डी.एस. बघेल के अनुसार, पहले बारिश के मौसम में बिजली फाल्ट की सैकड़ों शिकायतें आती थीं। लेकिन अब शिकायतों में 70 से 80 प्रतिशत तक की गिरावट आई है। इसकी एक प्रमुख वजह यह है कि उपभोक्ताओं की शिकायतें अब सीधे कंपनी के टोल-फ्री नंबर पर दर्ज की जाती हैं। यहां से ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों को संबंधित लोकेशन और उपभोक्ता के फोन नंबर सहित तत्काल जानकारी दी जाती है। नतीजतन, बिजली से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जा रहा है।
27 हजार उपभोक्ताओं को राहत
शहर के करीब 27 हजार उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। शिकायतें घटने से टीम के कर्मचारी भी राहत महसूस कर रहे हैं और उपभोक्ता समय पर सेवा मिलने से संतुष्ट नजर आ रहे हैं।
इनका कहना….
पहले की तुलना में अब बिजली संबंधी शिकायतों में काफी कमी आई है। दोनों जोनों में चार टीमें 24 घंटे सिर्फ शिकायतों के निराकरण पर काम कर रही हैं।
डीएस बघेल, डिविजनल इंजीनियर, दक्षिण संभाग, बैतूल।




