Betul Water Supply : मुख्य सड़क तक खोदी गई पाइपलाइन, आधा दर्जन से ज्यादा स्थानों पर लीकेज
2 दिन के अंतराल में पानी मिलने पर भी सस्पेंस बरकरार, लीकेज सुधारने के प्रयास नाकाफी

Betul Water Supply : बैतूल। नगरवासियों को अब जल संकट से जूझना पड़ सकता है, क्योंकि नगरपालिका ने माचना डेम में सपोर्ट का पानी समाप्त होने की स्थिति को देखते हुए जल आपूर्ति को दो दिन के अंतराल पर करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था मंगलवार से लागू हो रही है।
इस बीच, शहर की पुरानी पाइपलाइन व्यवस्था की खस्ताहाली भी अब खुलकर सामने आने लगी है। जगह-जगह लीकेज के चलते कई स्थानों पर सड़कें खोदनी पड़ रही हैं। मुख्य सड़कों तक खोदाई होने से यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
इन स्थानों पर बड़ा लीकेज
गेंदा चौक, प्रायमरी गंज, भग्गूढाना, हाथी नाले की पुलिया के पास समेत आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर पाइपलाइन में बड़े पैमाने पर रिसाव देखा गया है। लगातार पानी बहने से ना केवल जल की बर्बादी हो रही है, बल्कि नागरिकों को असुविधा और सड़कों पर कीचड़ का भी सामना करना पड़ रहा है। इसे सुधारने में नपा के जल अमले को बड़ी परेशानी आ रही है।
बैतूल को ताप्ती बैराज से मिल रहा पानी
इस समय बैतूल को ताप्ती बैराज से दो मोटरों के माध्यम से जल आपूर्ति की जा रही है, लेकिन वर्तमान में लगभग 8500 नल कनेक्शन धारकों को पाइपलाइन में लीकेज के कारण जलापूर्ति में व्यवधान का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल अब तक 1 दिन के अंतराल में लोगों को पानी मिलता आया है, अब 2 दिन बाद पानी मिला करेगा। लोगों को अब 2 दिन पानी सहेजने की बड़ी चुनौती रहेगी।
पानी की टंकियों को भरना बड़ी चुनौती
शहर में कुल 9 जल वितरण टंकियां हैं, जिनके माध्यम से विभिन्न वार्डों में नलों के जरिए जल वितरण किया जाता है। मौजूदा हालात में इन टंकियों को समय पर भरना और फिर सभी इलाकों तक पानी पहुंचाना नगरपालिका के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। प्रेशर कम होने के कारण हालात बिगड़ने से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
नागरिकों से सहयोग की अपील
नगरपालिका के सीएमओ सतीश मटसेनिया ने नागरिकों से अपील की है कि वे संयम बरतें और जल संरक्षण में सहयोग करें। लीकेज की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द सुचारु जल आपूर्ति बहाल की जा सके।




