Betul Samachar : ट्रेलर: जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू और पूर्व विधायक बेले भगवा हुए
Betul Samachar: Trailer: District Congress President Guddu and former MLA Belle turn saffron.

पिक्चर: 6 को भाजपा के स्थापना दिवस पर कांग्रेस की फौज आएगी!
Betul Samachar : बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के भाजपा प्रत्याशी दुर्गादास उइके के नामांकन जमा करने के लिए बैतूल आने पर कांग्रेस के दो बड़े विकेट भाजपा ने गिरा दिए हैं। जैसे की पूर्व में ही सांझवीर टाईम्स ने संभावना जताई थी कि मुख्यमंत्री के आगमन पर कई दिग्गज भगवा दुपट्टे में रंगेंगे। यह खबर अक्षरश: सही साबित हुई। कल ही कांग्रेस से इस्तीफा देकर सनसनी मचाने वाले जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष सुनील(गुड्डू) शर्मा और अब तक कांग्रेस में बैकफुट पर चल रही कांग्रेस की पूर्व विधायक सुनीता बेले मुख्यमंत्री की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गई। इससे कांग्रेस को लोकसभा चुनाव के पहले तगड़ा झटका लगा है।
सूत्र बताते हैें कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के भाजपा में जाने की अटकलों के समय भी जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष रहे और उनके कट्टर समर्थक रहे गुड्डू ने इशारा कर दिया था कि वे भाजपा के खेमे में जा सकते हैं। बुधवार को उनका नाम कांग्रेस प्रत्याशी की नामांकन रैली के बाद हुई आमसभा में भाषण लिस्ट से काटना महज इत्तेफाक रखता है। जानकार बताते हैं कि भाजपा में जाने की तैयारी उन्होंने पहले से ही कर रखी थी, केवल मौके की तलाश में थे।
सूत्रों के अनुसार गुड्डू को ही कल खुद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने ऐसा अवसर प्रदान कर दिया कि शाम को इस्तीफा देने के बाद अगले दिन वे भाजपा में शामिल हो गए। इसी तरह पूर्व विधायक और लंबे समय से कांग्रेस से अलग-थलक चल रही सुनीता बेले ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है। बीते विधानसभा चुनाव में भी वे पूरी तरह गायब थी। आमला क्षेत्र मेें बेले की सक्रियता आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के वोट बैंक में बढ़़ोत्तरी कर सकती है।
6 को भाजपा दिखाएगी पूरी पिक्चर
इधर एक अन्य सूत्र ने बताया कि मुख्यमंत्री के समक्ष कांग्रेस के दो दिग्गजों की सदस्यता महज औपचारिक है। असली पिक्चर 6 अप्रैल को भाजपा के स्थापना दिवस पर देखने को मिलेगी। जानकार सूत्रों ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की सभा में बुधवार को गायब रहे जिले के 3 से 4 पूर्व विधायक यदि भगवा गमछा पहन ले तो कोई चौकाने वाली बात नहीं कही जा सकता है।
इसके अलावा कांग्रेस के ही खुद जिला पंचायत सदस्य भी इसी दिन विजय भवन में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा की सदस्यता ले सकते हैं। इसी तरह भाजपा में शामिल हुए गुड्डू समर्थक भी बड़ी संख्या में 6 अप्रैल को पार्टी की सदस्यता ले सकते हैं। यानी छिंदवाड़ा की तरह बैतूल में भी भाजपा बड़ा विस्फोट कर कांग्रेस को बैकफुट पर धकलने की तैयारी कर रही है।





