Betul News: लोक अदालत में नपा को 63 लाख से अधिक का राजस्व

एक ही दिन में नपा के राजस्व में खासी आमदानी, अब तक 10 में से 4.50 करोड़ की वसूली हुई
Betul News: बैतूल। बीते शनिवार का नेशनल लोक अदालत में नगरपालिका के भी अच्छे दिन आए है। दरअसल लोक अदालत में नपा की ओर से करीब 700 प्रकरण रखे गए थे, इनमें से 489 प्रकरणों में रिकार्ड 63 लाख से अधिक का राजस्व जमा हुआ है। पहली बार लोक अदालत में नपा को इतना राजस्व मिला है। इससे वित्तीय वर्ष समाप्ति के पहले नपा की आर्थिक स्थिति में सुधार होने की गुंजाइश दिखाई दे रही है। दूसरी ओर नपा ने अब तक 10 करोड़ की राजस्व वसूली के विरूद्ध करीब 4.50 करोड़ की वसूली कर ली है।
वित्तीय वर्ष समाप्ति के पहले राजस्व वसूलने के लिए हर विभाग में बड़ी कवायद चल रही है। बैतूल नपा में कुल 10 करोड़ से अधिक की राजस्व वसूली के लिए तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। नपा का राजस्व अमला संपत्ति, जलकर, सामान्य जलकर, शिक्षा उपकर, समेकित कर समेत अन्य करो की वसूली के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
इस समय नपा की राजस्व शाखा के सामने करो का भुगतान जमा करने वालों के लिए बैठक और टेंट की भी व्यवस्था की है, ताकि लंबी कतार के कारण उन्हें असुविधा का सामना न करना पड़े। 1 मार्च से नपा ने टेंट लगाकर करो का भुगतान करने वालों को सम्मान दिया है, इससे भी करो के भुगतान में इजाफ हो रहा है।
लोक अदालत ने पहुंचाया बड़ा फायदा
नपा के राजस्व अमले की माने तो इस बार 8 मार्च को आयोजित लोक अदालत में रात 8 बजे तक बैतूल नपा को 63 लाख 46 हजार रुपए का राजस्व मिला है। लोक अदालत में मिलने वाली छूट का फायदा उठाने के लिए रिकार्ड राशि जमा की है।
नपा के इतिहास में अब तक की यह सर्वाधिक राशि एक ही दिन में लोक अदालत में मिली है। नपा ने लोक अदालत में जलकर के 300 में से 215 प्रकरणों में 7 लाख 600 रुपए, संपत्ति कर 300 प्रकरणों में से 275 में राजीनामा कर 31 लाख 917 और अन्य करों से 25 लाख रुपए की वसूली करने में सफलता हासिल की है।
20 दिनों में 5.50 करोड़ का लक्ष्य पूरा करने की तैयारी
नपा के सूत्र बताते हैं कि 10 मार्च तक कुल 10 करोड़ राजस्व वसूली का 4.50 करोड़ वसूला जा चुका है। राजस्व निरीक्षक ब्रजगोपाल परते, उपनिरीक्षक अखिल नीलकंठ राय और कई सहायक उपनिरीक्षक संपत्तिकर वसूली के लिए बकायदारों को प्रेरित करने में लगे हैं।
अब तक की स्थिति में नपा ने कुल 45 प्रतिशत का लक्ष्य पूरा किया है। शेष 55 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के लिए नपा के पास अवकाश के दिनों को मिलाकर लगभग 19 दिन का समय शेष रह गया है। चूंकि होली और रंगपंचमी पर कार्यालय नहीं खुलेंगे, इसलिए इन 19 दिनों में नपा को शेष 5.50 करोड़ का राजस्व जुटाना किसी चुनौती से कम नहीं है।
इनका कहना….
लोक अदालत से नपा को इस बार रिकार्ड 63 लाख से अधिक राजस्व मिला है। वित्तीय वर्ष समाप्ति के पहले शत-प्रतिशत संपत्ति कर वसूलने के प्रयास किए जा रहे हैं।
ब्रजगोपाल परते, राजस्व निरीक्षक नपा बैतूल




