Betul Ki Khabar: किसान के प्रदर्शन में मंच टूटा, कांग्रेस नेता रायपुरे घायल

जेपी अस्पताल में इलाज जारी, कांग्रेसी भी देखने पहुंचे
Betul Ki Khabar: बैतूल। राजधानी भोपाल में सोमवार को मप्र विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन किसान कांग्रेस के पदाधिकारी विधानसभा का घेराव करने के लिए एकत्रित हुए। रंगमहल चौराहे पर कांग्रेस ने बड़ा मंच बनाया था। खबर है कि इस मंच पर बड़ी संख्या में कांग्रेसियों के एकत्रित हो जाने के कारण दोपहर 1 बजे भरभरा कर गिर गया। मंच गिरने से प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष योगेश यादव, किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष समेत कई नेता घायल हो गए।
बताया जाता है कि इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जिला किसान कांग्रेस के अध्यक्ष रमेश गायकवाड़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता भोपाल पहुंचे थे। जिस समय रंग महल चौराहे पर बनाया कांग्रेस का मंच टूटा, तब भीमपुर के ब्लाक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और किसान नेता राजकुमार रायपुरे भी मौजूद थे। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हेमंत वागद्रे ने बताया कि रायपुरे भी मंच गिरने से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जयप्रकाश अस्पताल ले जाया गया।
उधर दूरभाष पर रायपुरे ने सांझवीर टाईम्स को बताया कि मंच पर अधिक भीड़ होने के कारण टूट कर गिर गया। उनके पैर में फैक्चर आया है। रायपुरे के मुताबिक फिलहाल वे यही पर इलाज करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले के अन्य कांग्रेसी भी प्रदर्शन में शामिल थे,लेकिन कितने घायल हुए हैं, उन्हें इस संबंध में जानकारी नहीं है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता रायपुरे के घायल होने पर उनकी कुशलक्षेम जानने के लिए भोपाल में मौजूद वरिष्ठ कांग्रेसी भी जयप्रकाश अस्पताल पहुंचे।