Ward Parikrama: नपा उपाध्यक्ष के वार्ड में नाली सड़क और पानी की समस्या

विकास कार्यों से संतुष्ट नहीं है वार्डवासी
Ward Parikrama: बैतूल। नगर पालिका के उपाध्यक्ष महेश राठौर के वार्ड क्रमांक 13 अंबेडकर वार्ड में ही मूलभूत सुविधाओं की बदहाली ने विकास के दावों की पोल खोल दी है। वार्ड के रहवासी नाली, सड़क, पेयजल और साफ-सफाई जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस वार्ड से नगर पालिका के उपाध्यक्ष प्रतिनिधित्व करते हैं, वहीं के लोग सुविधाओं के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
सांझवीर टाइम्स की टीम ने वार्ड भ्रमण के दौरान पाया कि कई मोहल्लों में आज भी पक्की नालियों का निर्माण नहीं हुआ है। नालियां नहीं होने से घरों का गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है, जिससे कीचड़ और गंदगी का माहौल बना रहता है। बरसात के दिनों में स्थिति और विकट हो जाती है तथा लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है।
वार्डवासियों का कहना है कि वर्षों से सड़क और नाली निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों द्वारा केवल आश्वासन ही दिए गए। कई गलियों की सड़कें उखड़ी हुई हैं, जिससे पैदल चलना और दोपहिया वाहन निकालना भी चुनौती बन गया है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
पेयजल बना बड़ा संकट
पेयजल संकट भी वार्ड की बड़ी समस्या बनकर उभरा है। रहवासियों के मुताबिक नियमित जलापूर्ति नहीं होने से उन्हें पानी के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने पड़ते हैं। गर्मी के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है। इसके अलावा सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। कई स्थानों पर कचरे के ढेर और गंदगी दिखाई देती है, जिससे बीमारियों का खतरा बना रहता है।
वार्डवासियों का कहना है कि जब नगर पालिका उपाध्यक्ष का अपना वार्ड ही विकास कार्यों से अछूता है, तो शहर के अन्य वार्डों की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क, नाली, पेयजल और सफाई व्यवस्था में सुधार कर वार्ड की समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए। फिलहाल अंबेडकर वार्ड के रहवासी विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच फंसे नजर आ रहे हैं।

क्या कहते है वार्डवासी
वार्ड में साफ-सफाई नहीं होने से सबसे बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सफाई कर्मचारी आकर समय पर साफ-सफाई नहीं करते। जगह-जगह गंदगी होने से वार्डवासी परेशान रहते है। वार्ड में सड़क का निर्माण कार्य भी नहीं होने से वार्डवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शिवकांत पानकर, वार्डवासी

वार्ड में पानी की सबसे बड़ी समस्या बनी है। तीन-चार दिन के अंतराल में पानी की सप्लाई होती है और नगर पालिका प्रतिदिन के पैसे हर महीने वसूल करती है। यह वार्डवासियों के साथ अन्याय है। नपा के उपाध्यक्ष के वार्ड में ही, वार्डवासियों को परेशानियों से जुझना पड़ रहा है।
राधेश्याम सोनी, वार्डवासी

वार्ड में नाली का निर्माण नहीं होने से घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी नहीं हो पाती, जिसके कारण आए दिन सड़क पर गंदा पानी बहते रहता है, जिससे बीमारी फेलने का खतरा बना रहता है। शिकायतों के बावजूद भी कोई निराकरण नहीं हो पाता। वार्ड में पानी की भी समस्या बनी हुई है।
आनंद बंदेवार, वार्डवासी

सड़क और नाली नहीं होने के कारण सबसे बड़ी परेशानी से जुझना पड़ रहा है। नगर पालिका उपाध्यक्ष होने के बावजूद भी कोई विकास कार्य नहीं हो रहे है। जनता विकास कार्यों के लिए तरस रही है। सड़क और नाली निर्माण के लिए कई बार शिकायते कर दी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो पाई।
मुन्ना कुबड़े, वार्डवासी

एक करोड़ से अधिक की बनाई सड़कें : नपा उपाध्यक्ष
वार्ड के भीतर मैंने 1 करोड़ से अधिक लागत की अलग-अलग क्षेत्रों में पक्की सड़कों का निर्माण कार्य करवाया है। कई जगह नाली निर्माण भी हुआ। नगर पालिका में बजट के आभाव के कारण कई कामों में विलंब जरूर हुआ है। अंबेडकर वार्ड में नई-नई कॉलोनियां बन रही है। वार्ड का विस्तार होने के कारण भी थोड़ी दिक्कते जा रही है।
जनता की जो भी शिकायते मिलती है, उसका निराकरण करने का प्रयास करता हूॅ। वार्डवासियों ने जो समस्या बताई है उसे भी पूरा करूंगा। जहां तक पानी की समस्या है तो यह सभी वार्डों में एक जैसे हालात है। कुछ क्षेत्रों में और सड़कों का निर्माण कार्य होना जिसके टैंडर हो चुके है।




