Betul Samachar: 10 दिन से खुदी पड़ी सड़क, कीचड़-पानी और गड्ढों से जूझ रहे लोग

गाढ़ा घाट से कारगिल चौक तक 7 करोड़ की सड़क निर्माण में मनमानी, बारिश में बढ़ी परेशानी
Betul Samachar: बैतूल। शहर में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और निर्माण एजेंसियों की लापरवाही का खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में हालात और भी खराब हो गए हैं। गाढ़ा घाट से कारगिल चौक तक लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क का निर्माण कार्य अव्यवस्थित तरीके से किए जाने के कारण लोग पिछले कई दिनों से कीचड़, पानी और गड्ढों के बीच आवागमन करने को मजबूर हैं।
यह सड़क शहर के सबसे व्यस्त लिंक रोड में शामिल है। इस मार्ग पर कई निजी अस्पताल, स्कूल, कोचिंग संस्थान और अन्य महत्वपूर्ण संस्थान संचालित हैं। जिलेभर से प्रतिदिन हजारों लोग इसी मार्ग से आवाजाही करते हैं। इसके बावजूद निर्माण कार्य कर रही कपिल शर्मा कंस्ट्रक्शन कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
25 प्रतिशत सड़क का हुआ है काम
स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण कार्य शुरू हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन अब तक केवल करीब 25 प्रतिशत सड़क का ही निर्माण पूरा हो सका है। सबसे अधिक परेशानी मेघनाथ चौक से बच्चा जेल की ओर करीब 200 मीटर लंबे हिस्से में हो रही है, जहां लगभग 10 दिन पहले सड़क की खुदाई कर दी गई थी, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। दूसरी ओर बीच के कई हिस्सों में सड़क अधूरी छोड़ दी गई है, जिससे पूरी सड़क पर आवागमन अव्यवस्थित हो गया है।
बारिश के कारण खुदी हुई सड़क पर पानी भर गया है और जगह-जगह कीचड़ फैल गया है। दोपहिया वाहन चालकों को फिसलने का खतरा बना हुआ है, जबकि चारपहिया वाहन भी उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण धीमी गति से चल रहे हैं। पैदल चलने वाले लोगों, स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नियमों के तहत हो कार्य
रहवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण नियमानुसार चरणबद्ध तरीके से होना चाहिए, ताकि एक हिस्से का काम पूरा होने के बाद ही दूसरे हिस्से की खुदाई की जाए। लेकिन ठेकेदार द्वारा कहीं भी खुदाई कर दी जा रही है और कई स्थानों पर निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। इससे पूरे क्षेत्र में अव्यवस्था की स्थिति बन गई है। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि निर्माण एजेंसी की मनमानी पर कोई प्रभावी निगरानी नहीं की जा रही है। यदि समय रहते निर्माण कार्य को व्यवस्थित नहीं कराया गया तो बारिश के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ सकती है। रहवासियों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तेज गति से पूरा कराया जाए तथा बारिश के मौसम को देखते हुए खुदी हुई सड़क को तत्काल दुरुस्त कर आमजन को राहत दिलाई जाए।
इनका कहना….
मौके का निरीक्षण कर स्थिति देखी जाएगी। ठेकेदार जल्द और व्यवस्थित निर्माण के निर्देश दिए जाएंगे।
मनीष मरकाम, ईई पीडब्ल्यूडी बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




