Betul Samachar: ड्रोन और वॉच टॉवर से पुलिस चप्पे-चप्पे पर नजर रखेंगी पुलिस

Betul Samachar: Police will keep an eye on every nook and corner with drones and watch towers.

शांति और सद्भाव से दशहरा मनाने 400 सुरक्षाकर्मी की तैनाती, संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा और मुस्तेद

Betul Samachar: बैतूल। शारदेय नवरात्र पर्व का समापन और दशहरा के चल समारोह से निपटने के लिए पुलिस ने चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की है। इस बार शहर में लगभग 400 सुरक्षाकर्मी तैनात किए जा रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में जिले के थानों से टीआई, सब इंस्पेक्टर सहित अन्य दलों को बैतूल बुलाकर तैनाती की जा रही है। सबसे बड़ी बात यह है कि इन क्षेत्रों में पुलिस ने वॉच टॉवर निगरानी के लिए बनाए हैं। ड्रोन भी पूरे समय क्षेत्र की निगरानी करेंगे। शाम से लेकर रविवार अलसुबह तक व्यवस्थाएं माकुल रखने के लिए एसपी निश्चल एन झारिया और एएसपी कमला जोशी खुद व्यवस्था पर नजर रख रही है।

इस बार देवी विसर्जन और चल समारोह के दौरान चौक-चौराहों पर जहां सैकड़ों पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है तो वहीं हर हरकत पर पैनी नजर रखे जाने के लिए वॉचिंग टावर बनाए गए हैं। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से ड्रोन के इस्तेमाल पर भी जोर दिया है, जिससे देवी विसर्जन के दौरान निकलने वाले प्रत्येक जुलूसों पर पैनी नजर रखी जाएगी। हालांकि दो दिन पूर्व ही नर्मदापुरम संभाग के आईजी इरशाद वली ने बैतूल पहुंचकर पुलिस अधीक्षक झारिया के साथ सुरक्षा व्यवस्था के लिए समीक्षा की। उन्होंने त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन, जिले की शांति, सुरक्षा एवं सांप्रदायिक सद्भावना को बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।

ड्रोन, सीसीटीवी कैमरे और वॉच टॉवर से रखी जाएगी नजर

दशहरे पर्व पर बैतूल पुलिस द्वारा किए जा रहे व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त को लेकर एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया कि सुरक्षा को लेकर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में लगभग 350 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। लगभग 50 सुरक्षाकर्मियों को रिजर्व में भी रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल बल की सहायता ली जा सकें। इस तरह से करीब 400 सुरक्षा कर्मियों की मदद दशहरे पर्व के दौरान लिए जाने का निर्णय किया गया है।

जुलूसों में शामिल श्रद्धालुओं और दर्शकदीर्घा में उपस्थित जनसमुदाय को दृष्टिगत रखते हुए ड्रोन कैमरों की भी व्यवस्था की गई है, जिनकी सहायता से प्रत्येक जुलूसों और आस-पास की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में वॉच टावर लगाए गए है, जिन पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि ऊंचाई से किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तत्काल परखा जा सकें और किसी भी घटना के होने से पहले ही उसे रोका जा सकें। इसके अलावा मोबाइल वैनों की व्यवस्था अलग से की गई है, जिनमें पर्याप्त पुलिस बल लगातार शहर के प्रत्येक क्षेत्रों की गश्त कर गतिविधियों पर नजर रखेगा।

Betul Samachar: ड्रोन और वॉच टॉवर से पुलिस चप्पे-चप्पे पर नजर रखेंगी पुलिस

भीड़ नियंत्रण के लिए लगेंगे बैरिकेड, आपातकालीन सेवाएं अलर्ट पर

त्यौहारों पर शांति और सद्भाव को लेकर शहर के लोगों ने हमेशा ही अपने आप को साबित किया है, लेकिन बावजूद इसके कहीं भी कोई अप्रिय घटना घटित ना हों, इसके लिए पुलिस अधीक्षक निश्चल एन. झारिया के नेतृत्व में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए है। दिए गए निर्देशों के मुताबिक सभी थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक कदम उठाने के निर्देश दिए गए है। एसडीओपी शालिनी परस्ते के मुताबिक दशहरे पर्व पर उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के अलावा बैरिकेड्स की व्यवस्था भी की गई है।

आपातकालीन सेवाओं सहित अति आवश्यक सेवाएं अलर्ट पर रखी जाएगी, वहीं सामुदायक सहयोग के जरिए स्थानीय निवासियों से भी पुलिस लगातार संपर्क में रहेगी। संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने के साथ भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी बढ़ाई गई हैं। इसी तरह विसर्जन स्थलों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। जहां पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था के साथ देवी विसर्जन के दौरान कोई अप्रिय घटना घटित ना हो, इस पर पूरी नजर रखी जाएगी। आम तौर पर देखा जाता है कि कई लोग तेजी से वाहन चलाते है, जिसके लिए यातायात पुलिस को निर्देशित किया गया है कि ऐसे वाहनों पर कड़ी नजर रख प्राथमिकता से चालानी कार्रवाई की जाएं।

इनका कहना…

दशहरे पर्व को लेकर शहर में व्यापक बंदोबस्त किए गए है। लगभग 350 से 400 पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ सीसीटीवी, ड्रोन से निगरानी की जाएगी। शहर में मोबाइल वैन के जरिए सतत गश्त किए जाने के प्रबंध भी किए गए है, ताकि दशहरे का पर्व शांति और सद्भाव के साथ संपन्न हो सकें।

शालिनी परस्ते, एसडीओपी बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button