Betul Ki Khabar: 705 बोरी खाद चोरी मामला: जांच की रफ्तार पर उठे सवाल, क्या बड़े जिम्मेदारों को बचाने की तैयारी?

दो माह बाद भी विभागीय जांच अधूरी, पुलिस प्रतिवेदन के इंतजार में देरी से बढ़ीं चर्चाएं और संदेह
Betul Ki Khabar: बैतूल। साकादेही आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के गोदाम से 705 बोरी खाद के कथित चोरी प्रकरण को लगभग एक माह से अधिक हो चुका हैं, लेकिन मामले की विभागीय जांच अब तक पूरी नहीं हो सकी है। जांच लंबित होने के कारण पुलिस की कार्रवाई भी आगे नहीं बढ़ पा रही है। पूरे घटनाक्रम को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं कि आखिर जांच में इतनी देरी क्यों हो रही है और क्या इसके पीछे किसी को बचाने की कोशिश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, प्रारंभ में समिति के गोदाम से खाद चोरी होने की बात सामने आई थी, जिससे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया था। बाद में मामला रिकॉर्ड संधारण में गड़बड़ी का बताया गया। इस बदलाव के बाद से पूरे प्रकरण को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सूत्रों का दावा है कि मामले में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारों के नाम सामने आने की आशंका के चलते जांच को जानबूझकर धीमी गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। सूत्रों का दावा है कि, इस मामले में कम्प्यूटर ऑपरेटर सहित अन्य दो छोटे कर्मचारियो को बलि का बकरा बनाया जा सकता है, जबकि मामले में उप पंजीयक समिति प्रबंधक, खाद विक्रेता और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होना जरूरी है।
सवाल उठ रहे हैं कि गोदाम में खाद का भंडारण, रिकॉर्ड का रखरखाव और स्टॉक का सत्यापन उनकी जिम्मेदारी थी, फिर इतनी बड़ी संख्या में खाद की बोरियों का अंतर कैसे सामने आया। यदि रिकॉर्ड सही तरीके से संधारित नहीं हुआ तो इसकी जवाबदेही किसकी है, यह भी जांच का महत्वपूर्ण विषय माना जा रहा है।

जांच प्रतिवेदन के इंतजार में बैठी कोतवाली पुलिस
उधर, इस मामले की शिकायत कोतवाली थाने में पहले से दर्ज है, लेकिन पुलिस विभागीय जांच प्रतिवेदन मिलने का इंतजार कर रही है। प्रतिवेदन के अभाव में पुलिस की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पा रही है। ऐसे में जांच में हो रही देरी से पूरे मामले पर सवाल खड़े हो रहे हैं और लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि कहीं छोटे कर्मचारियों को ही जिम्मेदार ठहराकर बड़े अधिकारियों को बचाने की कोशिश तो नहीं की जा रही।
इस संबंध में उप पंजीयक सहकारी समिति के.के. शिव के मोबाइल नम्बर 9425818960 तथा समिति प्रबंधक अशोक देशमुख के मोबाइल नम्बर 9424490313 पर उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों ने फोन रिसीव नहीं किया। ऐसे में अब सभी की नजर विभागीय जांच प्रतिवेदन पर टिकी है, जिससे इस बहुचर्चित खाद प्रकरण की वास्तविक तस्वीर सामने आ सके।
इनका कहना…..
कोतवाली में शिकायत हुई है। विभागीय जांच प्रतिवेदन अभी तक नहीं मिला है। प्रतिवेदन मिलते ही कार्यवाही आगे बढ़ाई जाएगी।
देवकरण डेहरिया, टीआई कोतवाली बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




