Betul Congress News : कांग्रेस के पूर्व विधायकों ने ही तोड़ दी गठबंधन की कमर
Betul Congress News: Former Congress MLAs broke the back of the alliance

इंडिया गठबंधन की बैठक से कांग्रेस के चारों पूर्व विधायक गायब
Betul Congress News : (बैतूल)। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी रामू टेकाम को चुनाव में जीत दिलाने के लिए मंगलवार को शहर के एक निजी होटल में इंडिया गठबंधन की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक के लिए गठबंधन के नेताओं ने लगातार विज्ञप्ति जारी कर मीडिया को ऐसा जताया था कि एकजुटता से भाजपा को चने चबवाएंगे, लेकिन पहली ही बैठक में इंडिया गठबंधन की एकजुटता पर पानी फिर गया है। दरअसल बैठक में कांग्रेस के ही चार पूर्व विधायकों ने पूरी तरह से दूरी बना ली। इनमें से तीन वे विधायक पहले भी कांग्रेस की बैठकों से किनारा कर चुके हैं। केवल मुलताई विधायक सुखदेव पांसे के बारे में कहा जा रहा है कि वे व्यवस्तता के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सके। बैठक में एजेंडा तय किया था कि कांग्रेस प्रत्याशी कोचुनाव कैसे जिताया जा सकता है।
हालांकि बैठक में किसान नेता एवं पूर्व विधायक डॉ सुनीलम, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कृष्णा मोदी समेत आम आदमी पार्टी सहित कुछ मजदूर संघों से जुड़े नेता तो शामिल हुए लेकिन इस महत्वपूर्ण बैठक से कांग्रेस के चारों पूर्व विधायक सुखदेव पांसे, निलय डागा, धरमू सिंह सिरसाम, ब्रम्हा भलावी गायब रहे। बैठक में कांग्रेस प्रत्याशी को चुनाव कैसे जिताना है, किस तरह काम करने सहित बैठकों और जनसम्पर्क की रूप रेखा तय की गई। बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमन्त वागद्रे, सेवादल अध्यक्ष अनुराग मिश्रा,जिला प्रवक्ता हेमन्त पगारिया समेत इंडिया गठबंधन से जुड़े नेता शामिल हुए।
एकजुटता में पहली ही सीढ़ी पर फिसला गठबंधन
बैतूल में इंडिया गठबंधन की पहली बैठक में पूर्व चार विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के गायब रहने से पहली ही सीढ़ी पर गठबंधन की पोल खुल गई है। गठबंधन ने पहले राग अलापा था कि बैतूल में बैठक के बाद सारणी में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में बड़ी आमसभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद मुलताई और आमला में भी आमसभा आयोजित करने का निर्णय लिया था, लेकिन जिस तरह से पहली ही बैठक में कांग्रेस विधायक ने अपने ही पार्टी के प्रत्याशी ने बैठक से किनारा किया, इससे कहीं न कहीं इंडिया गठबंधन के स्थानीय नेताओं में नाराजगी देखी जा रही है।
नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि हम तो बैठक में पहुंच गए, लेकिन जिस पार्टी का उम्मीदवार मैदान में है उसी पार्टी के नेता बैठक से गायब रहे। ऐसे में हमसे क्या उम्मीद की जा सकती है। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हेमंत वागद्रे ने बताया कि इंडिया गठबंधन की बैठक में पूर्व विधायकों को आमंत्रित नहीं किया गया था। केवल गठबंधन में जो दल शामिल है, उन नेताओं को ही बुलाया गया था।





