Today Betul Samachar : छिंदवाड़ा की तर्ज पर बैतूल में हो सकता है कांग्रेसी विस्फोट
Today Betul Samachar: Congress may explode in Betul on the lines of Chhindwara

मुख्यमंत्री के आगमन पर कई कांग्रेसियों को भाजपा में लाने के प्रयास तेज
Today Betul Samachar : बैतूल। यदि सबकुछ ठीक रहा तो 4 अप्रैल को लोकसभा प्रत्याशी डीडी उईके नामांकन रैली में शामिल होने आ रहे डॉ मोहन यादव की मौजूदगी में छिंदवाड़ा की तरह कई कांग्रेसी भाजपा में शामिल हो सकते है। इसकी पठकथा काफी पहले लिखे जाने की खबर है। यानी छिंदवाड़ा बैतूल कांगे्रसी में भी विस्फोट की तैयारी की जा चुकी है।
कहा जा रहा है कि वर्षो से अपमानित महसूस कर रहे वरिष्ठ एवं युवा कांग्रेस नेता भाजपा का दामन थाम सकते है। यदि मुख्यमंत्री के आगमन पर कांग्रेसियों का पार्टी छोड़ने पर समयाभाव की कैंची चली तो यह कार्यक्रम दो दिन बाद होने की पक्की खबर है।
सूत्र बताते है कि प्रदेश में लगातार पांचवी बार भाजपा सरकार बनने के बाद कई कांग्रेसियों का पार्टी से मोह भंग होते जा रहा है। भले ही विधानसभा चुनाव में कांग्रेसियों ने अपने क्षेत्र के प्रत्याशियों के लिए खूब मेहनत की, लेकिन नतीजा आने के बाद समीक्षा बैठक में मेहनत करने वाले कांग्रेसियों पर ही प्रत्याशी और कुछ नेताओं ने ऊंगली उठा दी।
यह बात उन कांग्रेसियों को जरा भी बर्दाश्त नहीं हो रही है, जिन्होंने बिना भेदभाव के ईमानदारी से कांगे्रस प्रत्याशी के पक्ष में काम करने के लिए दिन रात मेहनत की। इसके बावजूद उन पर ऊंगली उठाने पर कांग्रेसी खासे परेशान हो चुके है। सूत्र बताते है कि पार्टी में लगातार उपेक्षित महसूस कर रहे इन कांग्रेसियों के बारे में शीर्ष नेताओं ने जरा भी चिंता नहीं की। इसी का परिणाम है कि विस्फोट के रूप में सामने आ सकता है।
पार्टी में नेताओं की पूछ परख कम
विधानसभा विधानसभा में पांंचों सीट पर कांग्रेस का सुपड़ा साफ होने के बाद पार्टी के नेताओं की पूछ परख कम हो गई है। हालात यह है कि जिम्मेदार पदों पर बैठे पदाधिकारियों को छोटे-छोटे कामों के लिए बड़े नेताओं के चक्कर लगाना पड़ रहा है। यह सिलसिला पार्टी के चार विधायक रहने के बाद भी ऐसा ही था और बाद में भी कोई बदलाव नहीं हुआ।
यही वजह है कि पार्टी में पूछ परख कम होने और उपेक्षित महसूस होने के बाद कार्यकर्ता मायूस होकर घर बैठ गए है। स्थिति यह है कि लोकसभा चुनाव में पार्टी के लिए काफी समय पहले प्रत्याशी घोषित कर दिया है, लेकिन निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ कई प्रमुख पदाधिकारी ऐसे है जो घर से अब तक प्रचार के लिए नहीं निकल पाए है। जबकि मतदान को महज 24 दिन का समय बचा है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि कांगे्रस में क्या स्थिति चल रही है।
भाजपा नेताओं के संपर्क में कई कांग्रेसी
अपुष्ट एवं जानकार सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री के 4 अप्रैल को बैतूल आगमन पर कई कांग्रेसियों के भाजपा में जाने की इबारत लिखी जा चुकी है। खबर है कि कुछ चुने हुए जनप्रतिनिधियों के अलावा नाराज चल रहे जिले के दिग्गज नेताओं के समर्थक 4 अप्रैल को मुख्यमंत्री के सामने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
सूत्र बताते है कि उनकी भाजपा के शीर्ष नेताओं से कई मर्तबा बैठक हो चुकी है। कहा तो यह भी जा रहा है कि भाजपा में इन्हें सम्मानजनक पद और ओहदा दिया जाने का आश्वासन दिया गया है। इसी शर्त पर कांग्रेस के जिम्मेदार पदाधिकारी भाजपा में ज्वाईनिंग की तैयारी कर है। छिंदवाड़ा की तर्ज पर भाजपा बैतूल में भी कांग्रेस को करंट देने की तैयारी कर रही है। यदि 4 अप्रैल को मुख्यमंत्री का व्यस्त कार्यक्रम रहा तो 6 या 7 अप्रैल को कांग्रेसियों को भाजपा में लाने की पठकथा तैयार की जा रही है।





