Betul Hailstorm : अब मुलताई क्षेत्र में ओलावृष्टि से फसलें तबाह
Betul Hailstorm: Now crops destroyed by hailstorm in Multai area

बैतूल में बारिश का फिर येलो अलर्ट जारी, किसान चिंतित
Betul Hailstorm : (बैतूल/मुलताई)। बेमौसम हो रही बारिश और ओलावृष्टि ने फसलों को तबाह कर दिया है। फसलें बर्बाद होने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। मंगलवार को बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र के कुछ गांवों में सुबह तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान बैतूल जिले में भारी का येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले तीन दिनों से जिले में हो रही बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अभी कुछ क्षेत्रों में फसल कटाई का कार्य जारी है।
बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं की बालियां गिरकर खेतों में बिखर गई। कुछ क्षेत्रों में तेज हवा और बारिश से फसल खेत में ही बिछ गई है। फसल कटाई के समय हो रही बारिश ने किसानों की सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। किसानों का कहना है कि इस बार उम्मीद थी कि फसल अच्छी होगी, लेकिन बारिश के कारण सारी उम्मीदें धरी की धरी रह गई। अब किसान मुआवजे की मांग कर रहे है।
मंगलवार दोपहर को मुलताई क्षेत्र के ग्राम सर्रा और बाड़ेगांव में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि होना शुरू हो गई। आंवले के आकार के बराबर कुछ मिनट तक ओले बरसते रहे। किसान कान्हा गढ़ेकर, संदीप गढ़ेकर, मिथलेश सूर्यवंशी, कैलाश नरवरे आदि ने बताया कि ओलावृष्टि के कारण चने और गेहूं की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है। फसल की बालियां ओले गिरने से खेतों में ही बिखर गई। अब किसानों ने सरकार से मुआवजे देने की गुहार लगाई है।
24 घंटे के बाद फिर बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग भोपाल ने मंगलवार को जारी की गई एडवायजरी में बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान बैतूल जिले के कुछ क्षेत्रों में गरज चमक के साथ तेज बारिश होने एवं 30 से 40 किलोमीटर रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने की संभावना जताई है। यह बारिश का अलर्ट बुधवार सुबह तक का जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान में चक्रवाती संरचना पश्चिमी विदर्भ के ऊपर मध्यम समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है।
दक्षिणी तमिलनाडू से लेकर पश्चिमी विदर्भ तक हवाएं जारी है। जिसके कारण अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में दक्षिणी, पश्चिमी और दक्षिणी पूर्व हवा के कारण नमी आ रही है। जिसके मौसम में बदलाव आया है। 20 तारीख तक बैतूल में बारिश होने की संभावना है, इसके बाद कुछ हद तक बारिश से राहत मिल सकती है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों ने फिर दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई है।
- Also Read : Betul Kargil Chowk : जिम्मेदार नागरिक भी कारगिल चौक पर पहले ट्रैफिक सिग्नल लगाने के पक्षधर




