Big Accident: 2 दिन पहले विदा हुई बेटी को लेने ससुराल जा रहा पाथाखेड़ा का परिवार हादसे का शिकार, 3 लोगों की मौके पर मौत, 10 अन्य गम्भीर

बैतूल/ छिंदवाड़ा। बेटी को विदा करने के बाद आज उसके रिसेप्शन और विदाई कराने जा रहा बैतूल के पाथाखेड़ा का बिंझाड़े परिवार हादसे का शिकार हो गया। उमरेठ के हिंगलाज मंदिर में दर्शन के बाद जब इनका बुलेरों वाहन आगे बड़ा तो मोआरी खदान के समीप मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में तीन रिश्तेदारों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दस से अधिक गंभीर रुप से घायल हो गए। घटना के वक्त बुलेरों वाहन में सवार नरेश बिंझाड़े ने पुलिस को बताया कि उनकी भतीजी का विवाह दो दिनों पूर्व 10 मई को सौंसर में हुआ था। रविवार सौंसर में उसका रिसेप्शन है और परिजन उसकी विदाई कराने जा रहे थे। रात आठ बजे जब मोआरी खदान के समीप से गुजर रहे थे तो अचानक बुलेरों वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

इस दर्दनाक हादसे में वाहन में सवार नरेश बिंझाड़े की मौसी सौंसर रामाकोना निवासी 50 वर्षीय सुशीला पति चरणदास सोनेकर, उनकी बहन उत्तरप्रदेश के हमीरपुर निवासी हीरा वर्मा और सौंसर रामाकोना निवासी मामी 55 वर्षीय इंद्रा पति लक्ष्मण टांडेकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दस से अधिक रिश्तेदार और वाहन चालक गंभीर रुप से घायल हो गया है।
सभी को उपचार के लिए परासिया के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे के बाद रिसेप्शन की खुशियां मातम में बदल गई। इधर पाथाखेड़ा में हादसे के बाद शोक की लहर है।




