Betul Samachar : जो दरी बाजार में 150 में मिल रही, इसे 509 रुपए में खरीदा
Betul Samachar: The carpet which was available in the market for Rs 150, was bought for Rs 509.

एकलव्य शाहपुर में कमीशन के चक्कर में शासकीय राशि का हुआ बेजा दुरुपयोग
Betul Samachar : (बैतूल)। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय परिसर में करोड़ों का के बजट की बन्दरबांट करने में प्राचार्य एसके डोनीवाल और अधीनस्थों ने कोई कसर नहीं छोड़ी। हद तो यह हो गई कि शासन स्तर पर प्रतिबंधित की सामग्रियों की भी नियम विरुद्ध खरीदी कर ठेकेदार से मोटा कमीशन ले लिया गया। यह खुलासा आरटीआई में निकाली गई जानकारी के बाद हुआ है।
वित्तीय वर्ष 2023-24 में प्राचार्य डोनीवाल ने एक सैकड़ा से अधिक दरियों की खरीदी कर हजारों रुपए का भुगतान ठेकेदार को कर दिया। आवासीय परिसर में बिस्तर खरीदी की सूची में दरियों की खरीदी प्रतिबंधित की गई थी। बावजूद इसके स्वहित साधने के चक्कर मे ठेकेदार से खरीदी कर ली गई। जांच के बाद अधिकारियों ने इसे भी वित्तीय अनियमितता की श्रेणी में माना है।
जबरदस्ती खरीद ली 120 नग दरी
जांच रिपोर्ट में उल्लेखित है कि प्राचार्य डोनीवाल ने बिस्तर खरीदी के अलावा 120 नग दरियों की खरीदी की है, इसका कोई प्रावधान ही नहीं था। नियम विरुद्ध खरीदी कर इसका भुगतान किया जाना न्यायोचित नहीं है। जानकारी के मुताबिक बाजार में जिस दरी का मूल्य 150 रुपए प्रति नग है उसी दरी को 509 रुपये प्रति दरी के हिसाब से खरीदा गया है। इसके एवज में ठेकेदार को 61 हजार 80 रुपए का भुगतांन किया गया है। यानी कि एक दरी की खरीदी पर ठेकेदार को 359 रुपये अधिक भुगतान किया गया है। बाजार मूल्य के हिसाब से 120 दरी मात्र 18 हजार रुपए में खरीदी जा सकती थी वो भी तब जब दरी खरीदी का प्रावधान होता, लेकिन यहां निर्देशों को दरकिनार करते हुए ना ही खरीदी कर ली गयी बल्कि ठेकेदार को पूरे 43 हजार 80 रुपये का अतिरिक्त भुगतान भी कर दिया गया।
स्टोर में ले जाकर कबाड़ में पटक दी दरियां
जांच रिपोर्ट में प्राचार्य एस के डोनीवाल एन्ड टीम का यह कृत्य अनुचित माना गया है। वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए वार्षिक आवर्ती लागत व्यय ब्रेकअप एवं मापदण्ड के संबंध में जारी दिशा निर्देश में बिस्तर सामग्री में दरी लिए जाने का प्रावधान नहीं है । इसके उपरान्त भी उक्त निर्देश के विरूद्ध दरी क्रय कर भुगतान किया गया है, जो कि निर्देशों के विरूद्ध है। प्राचार्य के द्वारा दरी पर किया गया उक्त व्यय अनुचित है । क्रय आदेश में दरी की लंबाई 15 फिट (12&15) उल्लेखित है । भुगतान देयक में भी 15 फिट लंबाई की दरी का उल्लेख है, जबकि संस्था में उपलब्ध दरीयों का साइज 3&6 पाया गया है। क्रय की गई दरीयों को विद्यार्थियों को वितरण नहीं किया गया है। स्टोर में दरी रखी हुई पाई गई। क्रय आदेश/भुगतान देयक अनुसार साइज की दरियां भौतिक सत्यापन में नहीं पाई गई । बायलॉज के अनुसार विद्यालयीन स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अध्यक्षता में गठित समिति से क्रय सामग्री का सत्यापन एवं भुगतान की अनुशंसा नहीं कराई गई है।





