Today Betul News: शाहपुर लोकायुक्त प्रकरण में लिपिक मालवीय पर भी प्रकरण दर्ज
Today Betul News: Case registered against clerk Malviya in Shahpur Lokayukta case

लोकायुक्त ने मांगी सीएमएचओ से जानकारी…
Today Betul News:(बैतूल)। शाहपुर के सामुदायिक के स्वास्थ्य केंद्र में कुछ माह पहले हुए रिश्वत कांड के मामले में एक और लिपिक अखिलेश मालवीय पर लोकायुक्त ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। पूर्व में मालवीय पर भी रिश्वत लेते पकड़े गए शाहपुर के लिपिक राधा गोविंद शुक्ला ने संलिप्ता के आरोप लगाए थे। इस मामले में पूर्व में ही तत्कालीन सीएमएचओ डॉ सुरेश बौद्ध जाटव को आरोपी बनाया जा चुका है। भोपाल लोकायुक्त ने हाल ही में बैतूल सीएमएचओ को लिपिक अखिलेश मालवीय के संबंध में जानकारी मांगी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक लोकायुक्त भोपाल ने एक शिकायत के बाद कुछ माह पहले शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिपिक राधा गोविंद शुक्ला को रंगेहाथों रिश्वत लेते पकड़ा था। लोकायुक्त के छापे के बाद श्री शुक्ला ने यह रिश्वत बैतूल सीएमएचओ रहे डॉ बौद्ध और लिपिक अखिलेश मालवीय के कहने पर लेने की बात कही थी। हालांकि उस समय लोकायुक्त पुलिस ने बैतूल आकर डॉ बौद्ध से भी चर्चा की थी, लेकिन उस समय उन पर प्रकरण दर्ज नहीं किया था। बाद में लोकायुक्त में प्रकरण दर्ज होने पर रिश्वत लेने वाले लिपिक और सीएमएचओ को निलंबित किया जा चुका है। एक अन्य लिपिक अखिलेश मालवीय का नाम आने के बाद उन्हें चिरापाटला मूल पदस्थापना पर भेज दिया गया।
लोकायुक्त की जानकारी के बाद स्पष्ट हुआ मामला
इधर लोकायुक्त भोपाल ने कुछ दिनों पहले सीएमएचओ बैतूल से जानकारी मांगी है कि लोकायुक्त संगठन द्वारा तत्कालीन सीएमएचओ डॉ बौद्ध के विरूद्ध धारा 120 बी एवं अन्य मामले की विवेचना की जा रही है। लोकायुक्त के उप पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह के द्वारा सीएमएचओ को पत्र लिखकर अवगत कराया है कि प्रकरण के आरोपी सहायक ग्रेड 3 अखिलेश मालवीय के संबंध में आठ बिंदुओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। लोकायुक्त ने सेवा पुस्तिका, पृथक नियुक्ति, सेवानिवृत्ति दिनांक, चिरापाटला में नियुक्ति की तारीख सहित अन्य दस्तावेज तलब किए हैं। इसके बाद यह स्पष्ट हो गया है कि प्रकरण में लोकायुक्त ने लिपिक अखिलेश मालवीय को भी आरोपी बनाया है। शाहपुर रिश्वत कांड में अब तक लोकायुक्त ने सीएमएचओ समेत शाहपुर के लिपिक राधा गोविंद शुक्ला और अखिलेश मालवीय को आरोपी बनाया है। इस तरह कुल तीन आरोपी पर लोकायुक्त ने मामला दर्ज किया है।
इनका कहना…लोकायुक्त
भोपाल से लिपिक अखिलेश मालवीय के संबंध में जानकारी मांगी गई है। इस संबंध में जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी।
डॉ. रविकांत दुबे, सीएमएचओ बैतूल।





