Betul Shahpur News: पिता-पुत्र की फर्म से खरीद डाली लाखों की सामग्री

Betul Shahpur News: Materials worth lakhs purchased from father-son firm

कौड़ियों की कीमत में मिलने वाले समान के चुका दिए लाखों रुपए, एकलव्य विद्यालय में एक और खुलासा…

Betul Shahpur News:(बैतूल)। शाहपुर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में भ्रष्टाचार का खुला खेल खेलकर स्वहित साधते हुए अपनी तिजोरियां भरी जा रही हैं और जिम्मेदारों का मौन अब उन अधिकारियों पर ही सवाल खड़े कर रहा है। इनकी नाक के नीचे सरकारी पैसों की बन्दरबांट की जा रही है। जानकारी के मुताबिक किसी पिता-पुत्र की फर्म से कौड़ियों के दामों में मिलने वाली सामग्री की खरीदी में लाखों रुपये फूंक दिए गए। आवासीय परिसर में वाटर कूलर , आरओ और नेमप्लेट बनवाये जाने के लिए लाखों रुपए का भुगतान बिना सोचे समझे कर दिए जाने के बाद अब बड़े अधिकारियों पर भी उंगलियां उठनी शुरू हो गई हैं, क्योंकि यह संभव ही नहीं है कि अधिकारियों की नाक के नीचे करोड़ों रुपए ठिकाने लगाए जा रहे हों और उन्हें इसका पता तक ना चले।

43 हजार का वाटर कूलर 74 हजार में खरीदा

वित्तीय वर्ष 1 अप्रैल से 23 सितंबर 2023 के बीच हुई खरीदी में आवासीय विद्यालय परिसर में लाखों रुपए की बन्दर बांट किस तरह की गई, इसकी गवाही दस्तावेज खुद दे रहे हैं। गर्मियों के मौसम को देखते इस वित्तीय वर्ष में प्रबंधन द्वारा 3 नग वाटर कूलरों की खरीदी की गई थी। बाउचर नम्बर 50 के मुताबिक 1 वाटर कूलर की कीमत का बिल ठेकेदार द्वारा 74995 रुपए का दिया गया है। जबकि इसी वाटर कूलर की कीमत खुले बाजार में मात्र 43 हजार रुपये है। इस हिसाब से तीन वाटर कूलरों का भुगतान 1 लाख 29 हजार रुपए किया जाना था, लेकिन प्रबन्धन द्वारा ठेकेदार को कुल 2 लाख 24 हजार 998 रुपये का भुगतान किया गया है। इस हिसाब से मात्र तीन वाटर कूलरों की खरीदी में ठेकेदार को 95 हजार 998 रुपये का भुगतान ज्यादा कैसे कर दिया गया, यह जांच का विषय है।

आरओ की खरीदी में 1 लाख 28 हजार का फर्जीवाड़ा

शिकायत के अनुसार आवासीय विद्यालय परिसर में बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं में खर्च होने वाले करोड़ों रुपयों से कौन-कौन अधिकारी उपकृत हो रहा है, इसका खुलासा तो जांच के बाद ही हो पाएगा, लेकिन अब जरूरत है दृढ़ इच्छाशक्ति की, जो पूरे मामले के जांच करवाई जा सके। इसी वित्तीय वर्ष में प्रबन्धन ने आरओ की खरीदी में भ्रष्टाचार की सारी हदें पार कर दी, क्योंकि ब्रांडेड कम्पनी के आरओ भी इतने महंगे नहीं आते, जितने में प्रबन्धन ने इसकी खरीदी की है। बाउचर नम्बर 51 के मुताबिक प्रबन्धन ने कुल 6 नग आरओ की खरीदी की है। इसमें एक आरओ का बाजार मूल्य मात्र 9 हजार रुपए है, लेकिन प्रबन्धन ने यही आरओ 34 हजार 998 रुपए में खरीद कर ठेकेदार को 2 लाख 9 हजार 988 रुपए का भुगतान कर दिया और शासन को कुल 1 लाख 28 हजार 988 रुपये का चूना लगा दिया।

3 हजार की नेमप्लेट के चुकाए 6 हजार 950

एकलव्य आवासीय विद्यालय परिसर में चल रहे खुले खेल में विद्यालय के संचालनकर्ता शक के दायरे में इसलिए भी आ रहे हैं क्योंकि प्रत्येक खरीदी में फर्जीवाड़ा साफ नजर आ रहा है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि विद्यालय परिसर में लगाई जाने वाली नेमप्लेट की खरीदी में भी जमकर माल सूता गया है। जो नेम प्लेट बाजार में मात्र 3 हजार रुपए में बनकर तैयार हो रही है उसी नेमप्लेट के प्रबन्धन 6 हजार 950 आखिर कैसे चुका सकता है। बाउचर नम्बर 83 पर नजर डाली जाए तो कुछ यही कहानी देखने को मिल रही है। प्रबन्धन द्वारा कुल 26 नग नेम्पलेटों की खरीदी की गई है। इसका भुगतान 3 हजार रुपये प्रति नेम प्लेट के हिसाब से इसका भुगतान 78 हजार रुपए किया जा सकता था, लेकिन ठेकेदार को कुल 1 लाख 80 हजार 700 रुपए का भुगतान कर 1 लाख 2 हजार 700 रुपए अंदर कर लिया जाना भ्रष्टाचार की सभी सीमाएं लांघने के लिए काफी हैं। कलेक्टर से शिकायत हुए भी काफी दिन बीत चुके हैं, लेकिन कार्यवाही अभी शून्य ही है।

मन पसन्द फर्मों से की गई खरीदी

जिस फर्म से खरीदी की गई है उस कर्म के ठेकेदार विजय सिंह महाकाल ट्रेडिंग एजेंसी भोपाल के ठेकेदार आलोक सिंह के पिता है। प्राचार्य प्रथम श्रेणी, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, शाहपुर एचओडी द्वारा जेम पोर्टल से सामग्री क्रय का आदेश सोच-समझकर व जानबूझकर अपनी पसंद की फर्म को जारी किया गया। शैक्षणिक सत्र 2023 – 24 में 1 अप्रेल 2023 से 31 जनवरी 2024 तक प्राचार्य (प्रथम श्रेणी), एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, शाहपुर, जिला बैतूल, के द्वारा किए गए सभी देयक के भुगतान की जांच की जाय ।

नियमों की इस तरह उड़ाई धज्जियां

मध्यप्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय, भोपाल क्रमांक एफ/9-20/2021/अ 73 भोपाल 13 जनवरी 2023 से जारी निर्देश सामान्य वित्तीय नियम (जीएफआर) / मध्यप्रदेश भण्डार क्रय एवं सेवा उपार्जन नियम-2015 (यथा संशोधित-2022) की कण्डिका क्रमांक 09 के तहत 250000.00 तक के मूल्य की सामग्री क्रय एवं भुगतान किए जाने संबंधी प्रक्रिया/निर्देश जारी किए गए है। उक्त विहित प्रावधान का उल्लंघन कर वित्तीय वर्ष 01/04/2023 से 12/09/2023 तक में रूपेश ठाकरे ठेकेदार देवांशु इन्टरप्राइजेस भोपाल से 15 बार सामग्री क्रय, की गई। इसी तरह तरुण धोटे ठेकेदार गेलेक्सी इन्टरपाइजेस से 07 बार सामग्री क्रय, विजय सिंह ठेकेदार महाकाल ट्रेडिंग एजेंसी भोपाल से 09 बार , सुदीप्त शेखर सरकार, सहायक ग्रेड-3, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, शाहपुर ओर प्रचार्य एस के डोनिवाल द्वारा नियमों के विपरीत जाकर खरीदी की है। इसका मौके पर ही भौतिक सत्यापन किया जाना चाहिए।

whatsapp

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button