CM Mohan Yadav  : मां ताप्ती उद्गम स्थल के कायाकल्प का ऐलान, ताप्ती लोक की घोषणा नहीं

CM Mohan Yadav: Announcement of rejuvenation of Maa Tapti origin place, not announcement of Tapti Lok.

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने जल गंगा संर्वधन अभियान में शामिल हुए, करोड़ों के विकास कार्य का लोकार्पण-शिलान्यास किया

CM Mohan Yadav : बैतूल/मुलताई। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि पुण्य सलीला मां ताप्ती के उद्गम स्थल का सरकार कायाकल्प करेंगी। इसके लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है। यह बात शुक्रवार को उन्होंने मुलताई में जल गंगा संवर्धन अभियान में शामिल होने के दौरान कही। हालांकि ताप्ती लोक की घोषणा का लोग इंतजार कर रहे थे, लेकिन इसका एलान नहीं हो सका। इससे मां ताप्ती के भक्तों में निराशा देखी गई। इस बीच उन्होंने जिले में 346 करोड़ के कई निर्माण कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण किया। कार्यक्रम में नवनियुक्त केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य शुक्ला, विधायक हेमंत खंडेलवाल, विधायक चंद्रशेखर देशमुख, महेंद्र सिंह चौहान, डा योगेश पंडाग्रे, गंगा बाई उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अन्य लोग मौजूद थे।

गौरतलब है कि इस तरह की घोषणा पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी अपने मुलताई के प्रवास के दौरान की थी, लेकिन इस पर अमल नहीं हो पाया था। हालांकि वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ यादव से उम्मीद थी कि वे ताप्ती लोक की घोषणा करेंगे पर ऐसा नहीं हो सका। अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री डॉॅ यादव ने कहा कि मां ताप्ती की महिमा ने कहा कि मां ताप्ती के दर्शन से आज जीवन धन्य हो गया।

CM Mohan Yadav  : मां ताप्ती उद्गम स्थल के कायाकल्प का ऐलान, ताप्ती लोक की घोषणा नहीं

बैतूल जिले के सभी प्रसिद्ध मंदिरों में विराजमान देवी-देवताओं को प्रणाम करते हुए कहा कि बैतूल आकर इसलिए आनंदित महसूस करता हूं कि मुझे लगता है कि जिले में पूरे 33 करोड़ कोटि देवी-देवताओं का वास है। श्री यादव ने अपनी सरकार की उपलब्धी गिनाते हुए बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान 5 से 16 जून तक चलाया जा रहा है। पूरे प्रदेश में जल संरचनाओं सहित पर्यावरण को सहेजने के अभियान चल रहे हैं। जल को सहजने के लिए बैतूल जिले में लगभग 41 करोड़ के जल संवर्धन कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही बैतूल में रोजगार के लिए कारखाने की योजना भी मूर्त रूप लेगी। इसके अलावा अस्पतालों में गरीब बीमार लोगों को इलाज के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान तक लाने-जाने के लिए मुफ्त एंबुलेंस की सुविधा भी शुरू करने पर विचार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश और केंद्र में डबल इंजन की सरकार रहने से विकास कार्य की रफ्तार बढ़ेगी। आपके संसदीय क्षेत्र के सांसद को प्रधानमंत्री ने अपने मंत्रिमंडल में शामिल किया है, इससे विकास कार्यों में रफ्तार आएगी। उइके जी और हम मिलकर जिले के विकास को नई गति देंगे। मुलताई को पालिटेक्निक कालेज की सौगात देते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक चंद्रशेखर देशमुख द्वारा पालिटेक्निक कालेज खोले जाने की मांग की गई थी। जल्द ही मुलताई क्षेत्र में पालिटेक्निक कालेज की सौगात दी जाएगी।

ताप्ती जल से होती है मोक्ष की प्राप्ति :डीडी उइके

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने अपने संबोधन में कहा कि मां ताप्ती के जल से मोक्ष की प्राप्ति होती है। इसके दर्शन मात्र से ही सारे पाप उतर जाते हैं। जलसंरचनाओं पर फोकस करते हुए उन्होंने कहा कि जल का जीवन में अत्यधिक महत्व है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 5 से 16 जून तक पूरे प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है।

इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश के प्रत्येक जिलों और कस्बों में जल संरचनाओं को सहजने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम भी भविष्य में देखने को मिलेंगे। आदिवासी बाहुल्य बैतूल जिले से सांसद बनने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने श्री उइके को केंद्र के मंत्रिमंडल में स्थान देने के लिए सभी लोकसभावासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार भी व्यक्त किया।

नागपुर नाके से ताप्ती तक किया रोड शो

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का हेलीकाप्टर अपने निर्धारित समय से लगभग पौने दो घंटे देरी से पहुंचा। हेलीपेड पर जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद नागपुर नाके से मां ताप्ती के उद्गम स्थल तक करीब आधा किलोमीटर रोड शो भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मुलताई के लोगों का अभिवादन किया। पूरे रास्ते में मुख्यमंत्री का लोगों ने फूल वर्षा से स्वागत किया। करीब आधा घंटा तक रोड शो के बाद मुख्यमंत्री मां ताप्ती के उद्गम स्थल पहुंचे। खुले रथ पर उनके साथ केन्द्रीय मंत्री दुर्गादास उईके, पांचों विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और भाजपा जिलाध्यक्ष भी मौजूद थे।

41 पंडितों की मौजूदगी में मां ताप्ती की पूजा अर्चना

मुख्यमंत्री ने जल गंगा संवर्धन अभियान में शामिल होने के पहले सबसे पहले मां ताप्ती पूजा अर्चना की। घाट पर ही उन्होंने 41 पंडितों की मौजूदगी में पूजा अर्चना कर अभियान के सफल होने की कामना भी की। मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री श्री उईके ने कन्या पूजन कर उनका भी आशीर्वाद लिया। इसके बाद मां ताप्ती की विधि विधान से पूजा पूजन कर 108 फीट की चुनरी भी भेंट की गई। मुख्यमंत्री ने मां ताप्ती का दुग्ध अभिषेक भी किया। इस दौरान पांचों विधायक और भाजपा जिलाध्यक्ष पूरे समय मौजूद रहे। इससे पहले बड़ी संख्या में कन्याओं की कलश यात्रा का भी सीएम और केंद्रीय मंत्री ने स्वागत किया।

whatsapp

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button