Betul Municipality News : एक सप्ताह निर्माण कार्य प्रगति पर नहीं तो सब इंजीनियर जिम्मेदार
Betul Municipality News: If construction work does not progress within a week then all engineers are responsible

सांझवीर की खबर के बाद सीएमओ ने ली अधिकारियों की बैठक, जिम्मेदारी तय
Betul Municipality News : (बैतूल)। नगरपालिका में अपने कामों में व्यस्त रहने वाले अधिकारियों के लिए बुरी खबर है कि निर्माण कार्यों में लापरवाही बरते जाने पर अब सीधी उनकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। शहर में सब इंजीनियरों ने कागजों पर 145 में से 131 काम प्रगतिरत होने की झूठी जानकारी देने के बाद सांझवीर टाईम्स में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद सीएमओ ने खबर के ही आधार पर अवकाश से लौटने के बाद सभी अधिकारियों की बैठक लेकर जिम्मेदारी तय कर दी है। सीएमओ ने दो टूक शब्दों में सभी सब इंजीनियरों को कहा है कि एक सप्ताह के भीतर सभी कार्य प्रगतिरत नहीं हुए तो कार्रवाई की जाएगी। यदि ठेकेदार काम करने में कोताही बरतते हैं तो ठेका निरस्त कर ब्लैक लिस्टेड कर दिया जाएगा।
बैतूल नगरपालिका में सीएमओ के अधीनस्थ रहने वाले सभी अधिकारी अपनी मर्जी से काम करने में लगे हैं। जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता वाले कामों को भी तवज्जों नहीं दी जा रही है। इसी वजह पार्षदों में भी लगातार नाराजगी बढ़ रही है। चुनाव के पहले भाजपा शासित नगरपालिका में 145 कामों के लिए भूमिपूजन कर दिया गया था, लेकिन अफसोस की बात है कि आचार संहिता खत्म होने के बावजूद अब तक महज 20 प्रतिशत काम ही शुरू हो पाए हैं। सबसे चौकाने वाली बात यह है कि सब इंजीनियरों ने अपनी पीठ थपथपाने के लिए सीएमओ और ईई को झूठी रिपोर्ट पेश कर 145 में से 131 काम चालू होने की जानकारी दे दी थी। वास्तविकता यह थी कि जिन 131 कामों के शुरू होने का दावा किया जा रहा था, इनमें से अधिकांश काम पुराने हालत में ही थे। यानी काम शुरू हुए बिना ही बैतूल नगरपालिका के कलाकार सब इंजीनियरों ने झूठी जानकारी दे दी। यह मामला बैतूल के जन प्रतिनिधियों तक पहुंचा तो उन्होंने भी नाराजगी जताई।
सांझवीर ने उठाया शहर निर्माण का मुद्दा
सांझवीर टाईम्स ने शहर में चल रहे निर्माण कार्यों का खुद मुआयना कर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया तो पैरों तले जमीन खिसकने वाली स्थिति सामने आई। दरअसल निर्माण कार्य को शुरू होने का दावा सब इंजीनियरों ने किया था, लेकिन इक्का दुक्का छोड़कर शहर में आज से एक सप्ताह पहले कोई भी काम शुरू नहीं हो पाए थे। सांझवीर टाईम्स ने शहर के विभिन्न वार्डों में जाकर वस्तु स्थिति जानी और इसके बाद सीएमओ और ईई से चर्चा की तो उन्हें भी इस बारे में झूठी जानकारी दे दी गई थी, इससे वे भी भ्रमित हुए बिना नहीं रह सके। अधिकारियों ने सब इंजीनियरों की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठाए।
जिम्मेदारी तय होने से काम में तेजी
सांझवीर टाईम्स में खबर प्रकाशित होने के बाद अवकाश से लौटते ही सीएमओ ओमपाल भदौरिया ने अपने चेंबर में ईई महेश चंद्र अग्रवाल, एई नीरज धुर्वे, चारों सब इंजीनियर नगेंद्र वागद्रे, संजय सरेठा, विजय मछार, ब्रजेश खानुरकर और लोक निर्माण शाखा के स्टाफ के साथ बैठक की। सीएमओ ने सख्त लहजे में सब इंजीनियरों से कहा कि भ्रामक जानकारी देने वालों पर अब कार्रवाई होगी। जितने भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुए एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए सीएमओ ने ईई को मौके पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य प्रगतिरत नहीं होने पर सब इंजीनियरों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। साथ ही लापरवाही बताने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई के अलावा ब्लैक लिस्टेड करने के लिए कहा है।
इनका कहना…
निर्माण कार्यों पर लापरवाही को लेकर बैठक आहूत की गई थी। सभी को सीएमओ साहब ने एक सप्ताह में काम शुरू करने के निर्देश दिए है। यदि काम शुरू नहीं होते हैं तो सब इंजीनियरों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
महेशचंद्र अग्रवाल, ईई, नपा बैतूल।




