Swachh Bharat Mission: स्वच्छ भारत मिशन के कार्यक्रम में शामिल होंगे नपा अध्यक्ष- सीएमओ
Swachh Bharat Mission: Municipal Corporation President will participate in the program of Swachh Bharat Mission – CMO

प्रधानमंत्री मोदी के आतिथ्य में होगा कार्यक्रम, स्वच्छता पाठशाला ने बढ़ाया बैतूल का गौरव
Swachh Bharat Mission: बैतूल। सोमवार को बैतूल नगरपालिका ने एक साथ 150 स्कूलों के 15 हजार बच्चों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाकर अनोखा रिकार्ड बना दिया है। इस कार्यक्रम की न सिर्फ प्रदेश में, बल्कि राजधानी दिल्ली तक प्रशंसा हो रही है। स्वच्छता मंत्रालय के राष्ट्रीय पोर्टल पर भी नपा के नवाचारों को सराह है। यही वजह है कि आगामी 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत मिशन के 10 वर्ष पूरे होने स्वच्छ भारत दिवस पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित किया है।
इस कार्यक्रम में देश भर के चुनिंदा और श्रेष्ठ नगर निगम, नगरपालिका और नगर परिषद के अध्यक्षों और अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। सोमवार को बैतूल में हुए नवाचार की वजह से ही बैतूल नपा के अलावा पिपल्यामंडी, नैनपुर, ओमकारेश्वर, महेश्वर, धनपुरी और मालनपुर निकाय के सीएमओ और अध्यक्षों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया है। सबसे बड़ी बात यह है कि जिन निकायों के अधिकारियों को इस कार्यक्रम में बुलाया है उसमें सभी छोटी नगरपालिका और नगर परिषद शामिल हैं। बैतूल ही ऐसी नगरपालिका है, जिसे प्रदेश में नई दिल्ली में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चुना गया है।
गरिमामय कार्यक्रम में होगा उपलब्धियों का बखान
सूत्र बताते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र के मुख्य आतिथ्य में गांधी जयंती पर होने वाले इस कार्यक्रम में देश भर के चुनिंदा अध्यक्षों और सीएमओ को बुलाया गया है। शहरी विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सहभागिता निभाने वाले अध्यक्षों और सीएमओ को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मप्र शासन द्वारा सूचना दी गई है।
सीएमओ ओमपाल भदौरिया ने बताया कि शासन से 2 अक्टूबर के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता पाठशाला के आयोजन में शहर के जनप्रतिनिधि, अधिकारियों, स्वंयसेवी संगठनों, समाजसेवियों, व्यवसायी, अधिवक्ता, पत्रकार, वरिष्ठ नागरिक समेत सभी का सहयोग मिला। इसी वजह बैतूल नपा की उपलब्धि की सर्वत्र प्रशंसा हो रही है। उन्होंने बताया कि मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने 1 अक्टूबर को नई दिल्ली रवाना होंगे।





