Betul News : निर्वाचन के प्रशिक्षण से तीन स्कूलों में अवकाश जैसे हालात होंगे निर्मित!
Betul News: Election training will create holiday like situation in three schools!

17 से 22 अक्टूबर तक होना है प्रशिक्षण, परीक्षा के दौर में 2614 विद्यार्थियों को होगी परेशानी
Betul News : (बैतूल)। आगामी चुनाव के लिए आदर्श आचरण सहिंता लागू होने के बाद निर्वाचन आयोग के काम मे तेजी दिखाई दे रही है। निर्वाचन में सरकारी कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिए जाने के कार्यक्रम भी चल रहे हैं, लेकिन इस सबके बीच स्कूलों में पढऩे वाले उन बच्चों को फजीहत झेलनी पड़ेगी, जिनकी बोर्ड परीक्षाएं फरवरी माह में होनी है। शहर के तीन बड़े स्कूलों में आगामी 17 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक मतदान दलों के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने की प्लानिंग की गई है। पूरे 6 दिनों तक इन स्कूलों में पढऩे वाले विद्यार्थियों का अध्यापन कार्य प्रभावित होना भी तय है।
हालांकि प्रशासन चाहे तो वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में जेएच कॉलेज या फिर सेंट्रल स्कूल में यह व्यवस्था कर सकता है, क्योंकि 20 अक्टूबर से सेंट्रल स्कूल में बच्चों की अगले 10 दिनों तक अवकाश रहेगा। ऐसे में उन तीन स्कूलों के बच्चों का अध्यापन कार्य प्रभावित नहीं हो पाएगा, जहां पर प्रशिक्षण के लिए इन स्कूलों के 6 से 7 कमरे प्रशिक्षण के लिए रिजर्व किए गए हैं।
कक्षाएंं करनी पड़ सकती है सस्पेंड
मतदान दलों के प्रशिक्षण के लिए प्रशासन द्वारा उत्कृष्ट स्कूल का चयन किया गया है। इस स्कूल को उत्कृष्ट स्कूल के रूप में भी जाना जाता है। यहां पढऩे वाले बच्चों को ही प्रवेश लेने के पहले अपनी काबलियत साबित करनी पड़ती है। इस स्कूल में वर्तमान में 862 बच्चे 20 कमरों में अध्ययनरत हैं। 6 दिन चलने वाले प्रशिक्षण के दौरान कैम्पस में लगभग 250 कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा । साथ कैम्पस में माइक, साउंड आदि की भी व्यवस्था किया जाना है। ऐसे में पूरे 6 दिन तक बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह ठप्प हो जाएगी।
स्कूल के प्राचार्य सत्येंद्र उदय पूरे ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश मिले हैं। कैम्पस के लगभग 7 कमरे रिजर्व किये गए हैं। बच्चों की पढ़ाई तो प्रभावित होगी। ऐसी स्तिथि में हम स्कूल की छुट्टी तो नहीं कर सकते पर कक्षाएं सस्पेंड जरूर कर सकते हैं, क्योंकि कैम्पस में कर्मचारियों की चहलकदमी के साथ-साथ साउंड सिस्टम भी उपयोग में लाया जाएगा। कुछ शिक्षक भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
1 कमरे में शिफ्ट होगी दी क्लास
प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए निर्वाचन ने कन्या शाला गंज का भी चयन किया है। जानकारी के मुताबिक इस स्कूल में भी इसी अवधि में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। कन्या शाला गंज में प्राइमरी, मिडिल, हाई और हायर सेकंडरी स्कूल एक ही कैम्पस में संचालित हो रहा है। स्कूल में बच्चों की कुल संख्या लगभग 952 है। कुल 16 कमरों में सभी क्लासें लगाई जा रही हैं तो 5 कमरों में स्टाफ रूम सहित प्राचार्य कक्ष और दफ्तर संचालित हो रहा है। इस स्कूल के भी लगभग 6 कमरे प्रशिक्षण के लिए आरक्षित किए हैं। यहां भी वही स्थिति निर्मित होगी जो स्थिति उत्कृष्ट स्कूल में नजर आएगी ।
शाला के प्राचार्य ललित लिल्होरे ने बताया कि निर्वाचन का कार्यक्रम राष्ट्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत आता है। लिहाजा स्कूल के 6 कमरे प्रशिक्षण के लिए आरक्षित किए गए हैं। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित ना ही इसके लिए एक कमरे दो क्लासें संचालित करना पड़ेगा, चूंकि प्रशिक्षण भी जरूरी है तो व्यवस्था तो करनी ही पड़ेगी।
एमएलबी की 800 छात्राएं भी होगी प्रभावित (Betul News)
मतदान दलों के प्रशिक्षण के लिए तीसरे स्कूल के रुप मे महारानी लक्ष्मी बाई स्कूल का भी चयन निर्वाचन द्वारा किया गया है। इस स्कूल में लगभग 800 छात्राएं वर्तमान में अध्ययन रत हैं। स्कूल के 18 कमरों में इतनी छात्राएं बैठ कर अपने भविष्य के सपने संजो रही हैं। स्कूल के 6 कमरे आरक्षित होने के कारण पूरे 6 दिन तक सही तरीके से पढ़ाई होना लगभग नामुमकिन है। स्कूल के प्राचार्य श्री पाटनकर का भी कहना है कि, जब विकल्प मौजूद हैं तो इन पर यदि विचार किया जाए तो बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से हो सकती है।
जेएच या सेंट्रल स्कूल में हो सकती है व्यवस्था (Betul News)
प्रशिक्षण कार्यक्रम के चलते बच्चों की पढ़ाई में व्यवधान उतपन्न ना ही इसके लिए प्रशासन के पास उपयुक्त विकल्प भी उपलब्ध हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने के लिए जेएच कॉलेज और सेंट्रल स्कूल का भी उपयोग किया जा सकता है। जेएच कॉलेज के कैम्पस काफी बड़ा होने के साथ साथ यहां 6 से 7 कमरे आसानी से उपलब्ध हो सकते हैं।
परिसर बड़ा होने के चलते कालेज के विद्यार्थियों को भी उतनी समस्या नहीं उठानी पड़ेगी, जितनी समस्या इन तीन स्कूलों में पडऩे वाले बच्चों को झेलनी पड़ेगी। दूसरे विकल्प के रूप में गंज स्थित सेंट्रल स्कूल सबसे उपयुक्त नजर आ रहा है, क्योंकि सेंट्रल स्कूल में 20 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक दशहरे की 10 दिन की छुट्टियां लग रही हैं। निर्वाचन अधिकारी चाहें तो 20 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक एक ही कैम्पस में 6 दिन का प्रशिक्षण आयोजित कर सकता है। ऐसे में तीन स्कूलों के बच्चे भी प्रभावित नहीं हो पाएंगे। फिलहाल प्रशासन को बच्चों के फरवरी में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए इन विकल्पों पर विचार करना चाहिए।




