Betul News : दीमक की तरह चट कर दी मिशन कायाकल्प योजना की राशि
Betul News: The funds of Mission Kayakalp Scheme were devoured like termites.

भीमपुर के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कारनामा, दामजीपुरा स्वास्थ्य केंद्र की राशि में फर्जीवाड़ा
Betul News : (बैतूल)। विकासखंड भीमपुर में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर भ्रष्टाचार चरम पर है। भीमपुर बीएमओ द्वारा मिशन कायाकल्प योजना के नाम पर 3 लाख 84 हजार का फर्जीवाड़ा करने का नया खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि अधिकारियों की सह पर भीमपुर बीएमओ ने मिशन कायाकल्प योजना की राशि दीमक की तरह चट कर दी है। रोगी कल्याण समिति और कंडम वाहन के नाम पर फर्जीवाड़ा उजागर होने के बाद दामजीपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कायाकल्प के नाम पर फर्जी बिल लगाकर भुगतान करने के आरोप भीमपुर बीएमओ पर लग रहे हैं।
इस मामले की पड़ताल करने के बाद पता चला कि सीएचसी व पीएचसी की पुताई, वाटेरोरुफिंग कार्य भोपाल की कंपनी को दिया गया था। कायाकल्प योजना के तहत पीएचसी, सीएचसी की मरमत की राशि ब्लॉकवार जारी हुई, जिसमें बीएमओ द्वारा मरमत व पुताई, वाटेरोरुफिंग के फर्जी बिल लगाए गए है। बीएमओ द्वारा एक ही काम के लिए दो योजनाओं की राशि का उपयोग किया गया।
गौरतलब है कि कायाकल्प योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य केद्रों में मूलभूत सुविधाओं में निरंतर सुधार करने के उद्देश्य से सरकार द्वारा लाखों रुपए का बजट स्वीकृत किया गया था। जिसके अंतर्गत स्वास्थ सुविधाओं में शुद्धिकरण, भवन की मरम्मत व रंगाई पुताई सहित अन्य कार्य शामिल थे, लेकिन भीमपुर बीएमओ ने शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना को भी पलीता लगाकर इसमें भी भ्रष्टाचार किया गया।
नाम मात्र का मरम्मत कार्य करवा कर लाखों का फर्जी भुगतान किया गया। बीएमओ ने कायाकल्प योजना के नाम पर लाखों का बजट तो खपा दिया, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई कार्य नजर नहीं आ रहा है। दामजीपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉ पंकज उइके, ड्रेसर मिश्रा ने बताया कि कायाकल्प योजना में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की मरमत की गई है, जो भीमपुर बीएमओ साहब के मार्गदर्शन में की गई है। कुछ टाइल्स का काम, पुट्टी, पुताई, बिजली फीटिंग आदि जनरल कार्य किये गए है।
- Also Read : Betul News : सुरक्षा राशि के लिए भटक रही जननी, 54 पंचायतों की 4 सैकड़ा महिलाएं लाभ से वंचित
3 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 12 लाख का फर्जीवाड़ा
भीमपुर ब्लॉक के अंतर्गत 3 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दामजीपुरा, चुनालोमा, मोहटा में 12 लाख का फर्जीवाड़ा उजागर हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों से जानकारी सामने आई है कि पुताई व वाटर रुफिंग का कार्य तो किसी और एजेंसी व अन्य मद से किया गया, लेकिन भुगतान रोगी कल्याण समिति भीमपुर, दामजीपुरा, चुनालोमा से होना बताया जा रहा है। भीमपुर के तीनों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की मरमत कार्य कोरम पूर्ति कर फर्जी बिलो के आहरण से ज्यादा कुछ नही है।
योजना के नाम पर बीएमओ ने किया खुद का कायाकल्प
पूरे मामले में डॉ.ब्रजेश बीएमओ भीमपुर ने बताया कि मरमत कार्य कराया गया है। कोटेशन के आधार पर पूरी राशि खर्च नही हुई है, कुछ राशि शेष है 18 प्रतिशत जीएसटी के चलते अधिक भुगतान की बात भी बताई गई। जबकि भीमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य भवन अभी बना है, डेढ़ साल पहले विभाग को हैंड ओवर हुआ है। नियम अनुसार 5 साल तक का समस्त रख रखाव विभाग द्वारा कराया जाता है, इसके बावजूद भ्रष्टाचार को अंजाम देने के लिए बीएमओ द्वारा पुताई, मरमत के नाम पर अपना कायाकल्प किया गया।
- Also Read : घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन पर तमिलनाडु एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर युवक गंभीर रूप से हुआ घायल
सीएससी पीएचसी केंद्र को जारी हुए थे 18 लाख (Betul News)
योजना के तहत विकासखंड भीमपुर अंतर्गत पीएचसी मोहटा में 5 लाख की राशि स्वीकृत हुई थी, जिसमें से कुल 3 लाख 35 हजार 710 व्यय की गई, 1 लाख 64 हजार 290 शेष राशि बची हुई है। इसी तरह पीएचसी चुनालोमा को 4 लाख, कुल व्यय 289190 शेष राशि 110900 बची हुई है। पीएचसी दामजीपुरा स्वीकृत राशि 4 लाख, व्यय राशि 384208, शेष 15792 की राशि बची हुई है। सीएचसी भीमपुर में 5 लाख स्वीकृत हुए, 490762 व्यय होना बताया जा रहा है जबकि 9238 शेष राशि बची हुई है।




