Betul News : नसबंदी कराई, पांच सौ महिलाओं को नहीं मिली प्रोत्साहन राशि
Betul News: Sterilization done, five hundred women did not get incentive amount.

भीमपुर ब्लॉक में बड़ी लापरवाही उजागर, रोगी कल्याण समिति में कर लिया राशि का उपयोग
Betul News : (बैतूल)। जिले में स्वास्थ्य विभाग की लचर कार्यप्रणाली के चलते नसबंदी जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में पात्र हितग्राहियों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। नसबंदी करवाने वाली पात्र महिलाएं राशि प्राप्त करने के लिए अस्पताल के चक्कर काट रही हैं। एक तरफ तो सरकार नसबंदी को बढ़ावा देने के लिए प्रोग्राम चला रही है और प्रोत्साहित करने के लिए नकद राशि बांट रही है। दूसरी तरफ अस्पताल में नसबंदी करवाने के बाद लोगों को प्रोत्साहन राशि ही समय पर नहीं दी जा रही है।
भीमपुर ब्लॉक के लक्कड़जाम, आदर्श धनोरा, कुंडबकाजन, चिखली, खैरा, डोडाजाम, दामजीपुरा, झापल, बाटलखुर्द कुनखेड़ी सहित अन्य ग्रामों की लगभग 5 सैकड़ा महिलाओं के खाते में नसबंदी करवाने के बाद प्रोत्साहन राशि नहीं पहुंचने का गंभीर मामला उजागर हुआ है। इस मामले में स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी एक दूसरे पर टाला मटोली कर रहे हैं। 2 साल बाद भी प्रोत्साहन राशि उनके बैंक अकाउंट में नहीं पहुंची।
सात दिन के भीतर राशि देने का नियम
गौरतलब है कि परिवार कल्याण कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए नसबंदी ऑपरेशन पर दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि को बढ़ा दिया गया है। शासकीय संस्था में नसबंदी ऑपरेशन करवाने पर महिला हितग्राही को 2200 रुपए दिया जाता है। यह राशि 7 दिन के भीतर देने का नियम बना है। शासन ने अपने आदेश में स्पष्ट कहा है कि प्रोत्साहन राशि का भुगतान तय दिन के भीतर होनी चाहिए।
2 साल से विभाग के चक्कर काट रही महिलाएं
2 साल से अधिक समय हो गई महिलाओं को राशि नही मिलने से आदिवासी महिलाओं में निराशा और शासन के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है। महिलाओं ने बताया कि प्रोत्साहन राशि के लिए अधिकारी के पास जाने पर कोई सुनवाई नही होती है। सैकड़ों बार खाता व आई डी जमा की गई पर आज तक प्रोत्साहन की राशि नही मिली न कोई चेक दिया गया। बोला जाता है कि कागज जमा कर दो आपके खाते में राशि डाल दी जाएगी।
नियमानुसार एलटीटी के तुरंत बाद शासन के नियमानुसार राशि का भुगतान किए जाने के निर्देश है, राशि का आवंटन भी होता है फिर भी भीमपुर आदिवासी अंचल की 5 सैकड़ा महिलाएं प्रोत्साहन राशि के लिए परेशान है। इस मामले में नियमों को ताक पर रखकर समस्त राशि को रोगी कल्याण समिति में डालकर मनमर्जी से उपयोग करने के आरोप भीमपुर के ब्लॉक मेडिकल अधिकारी पर लग रहे है।
जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग
इस मामले की जानकारी पूर्व विधायक महेंद्र सिंह चौहान के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी देते हुए एक सप्ताह के भीतर प्रोत्साहन राशि देने की मांग की है। वहीं जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्यवाही की भी मांग की है।
इनका कहना…
यह मामला काफी गंभीर है। नसबंदी के तुरंत बाद महिलाओं को प्रोत्साहन राशि दी जाती है। यदि महिलाओं को राशि नहीं दी गई है तो जांच कराई जाएगी और बीएमओ से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
डॉ. अशोक बारंगा, प्रभारी सीएमएचओ बैतूल




