Betul News : भाजपा नेता की अवैध रेत डंप पर मचा बवाल
Betul News : Uproar over BJP leader's illegal sand dump

सीएम हेल्प लाइन पर शिकायत, आरोप- चाय पानी पीकर लौट आए खनिज निरीक्षक
Betul News : (बैतूल)। जिले की 47 रेत खदान के ठेके अभी शुरू होने में थोड़ा वक्त लग रहा है, लेकिन इसी बीच जिले में अवैध रूप से रेत की चोरी भी जमकर की जा रही है। सड़कों पर रेत भरकर दौड़ लगाते टै्रक्टर आसानी से देखे जा सकते हैं। सबसे ज्यादा रेत चोरी जिले के उन इलाकों में हो रही है जहां खनिज अधिकारियों का पहुंचना कभी कभार ही हो पाता है, लेकिन अवैध रेत का कारोबार जम कर फल-फूल रहा है।
नदियों का सीना छलनी कर रेत कारोबारी लाखों रुपये सीधे कर शासन को राजस्व का चूना लगा रहे हैं। इसी बीच रविवार बीजादेही थाना क्षेत्र के एक स्थानीय भाजपा नेता नीलेश यादव द्वारा अवैध रेत डंप का मामला सोशल मीडिया पर तूल पकड़ता नजर आया, जिसकी शिकायत ग्राम बल्लोर निवासी सुनील यादव ने सीएम हेल्प लाइन पर कर दी, बताया जा रहा है कि रविवार खनिज इंस्पेक्टर वीरेंद्र वशिष्ट मौके पर पहुंचे भी, लेकिन बिना कार्यवाही किए वापस लौट गए ।
80 डंफर रेत डंप की सूचना
शिकायत कर्ता सुनील यादव के मुताबिक बीजदेही इलाके के ढोढरा मोहार के पास पांढरा सेल गांव में भाजपा के स्थानीय नेता ने दो स्थानों पर लगभग 80 ट्राली अवैध रेत का भंडारण कर के रखा हुआ था। जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने जिला खनिज अधिकारी को की थी। ग्रामीणों की माने तो खनिज अमला मौके पर पहुंचा भी और डंप का निरीक्षण भी किया लेकिन अवैध रेत डंप करने वाले के घर पर मिलकर लौट आया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक खनिज इंस्पेक्टर ने मौका पंचनामा तक नहीं बनाया और चाय पानी पीकर लौट गए, लेकिन दूसरी तरफ खनिज इंस्पेक्टर वीरेंद्र वशिष्ट का कहना है कि मौके पर लगभग 50 ट्राली रेत का भंडारण पाया गया है। वशिष्ट मौका पंचनामा बनाए जाने की भी बात कर रहे हैं। इस मामले को लेकर प्रभारी खनिज अधिकारी भगवंत नागवंशी का कहना है कि शिकायत मिलने पर खनिज इंस्पेक्टर को मौके पर भेजा था, लेकिन मौके पर कितनी रेत मिली क्या कार्यवाही की गई इसकी जानकारी मुझे नहीं है।
- Also Read : Betul CMO : पूर्व सीएमओ का पांच वर्ष पहले वीआरएस से हड़कंप,फेसबुक पर पोस्ट डालकर कहा-भांडाफोड़ करना चाह रहे
जानकारी लेने के बाद ही कुछ बता पाऊंगा। जो भी है, लेकिन इस पूरे मामले में मौके पर पहुंचे खनिज इंस्पेक्टर वीरेंद्र वशिष्ट ने दो नहीं बल्कि एक ही स्थान पर सर्च किया था। जबकि शिकायतकर्ता का कहना है कि इंस्पेक्टर ने दो स्थानों का निरीक्षण किया। खास बात यह है कि खुद खनिज इंस्पेक्टर यह भी पता नहीं कर पाए कि आखिर रेत का यह भंडारण करने वाला कौन है, फिलहाल मामला जांच में लिया गया है। देखने वाली बात होगी कि इसका निष्कर्ष आखिर क्या निकाला जाता है।
इनका कहना है….
मौके पर एक निजी भूमि में लगभग 100 घनमीटर यानी 50 ट्राली रेत का भंडारण पाया गया है। मामला अभी जांच में है। जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा।
वीरेंद्र वशिष्ट, इंस्पेक्टर , खनिज विभाग बैतूल




